सोमेश्वर में किया ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन
सोमेश्वर। सोमेश्वर में सोमवार को दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने की। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है।
रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना शुरू की है। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान भी हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल का मैदान जीवन की असली पाठशाला है। जो युवा अनुशासन और परिश्रम के साथ मैदान में उतरते हैं, वे केवल पदक ही नहीं जीतते, बल्कि हजारों-लाखों लोगों के लिए आदर्श भी बनते हैं। आने वाले समय में यही खिलाड़ी उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएंगे।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार है। अगर खिलाड़ी मेहनत करेंगे तो खेल ही आपके लिए करियर का नया रास्ता खोलेगा। प्रदेश सरकार आपके सपनों को पूरा करने के लिए आपके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, ज्येष्ठ प्रमुख राजेंद्र कैड़ा, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद मेहरा, कृष्णा भंडारी, भरत भाकुनी, भूपाल मेहरा, शंकर बिष्ट, पंकज जोशी, कमल गिरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
दो अक्टूबर को मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन के दौरान तिथि का ऐलान किया जाएगा
चमोली। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि इस साल दो अक्टूबर, विजयदशमी को निर्धारित की जाएगी। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंचांग गणना और धर्माचार्यों की उपस्थिति में आगामी वर्ष के लिए कपाट बंद होने की तिथि का ऐलान होगा।
बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल और केदारनाथ-बदरीनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारी तिथि की घोषणा करेंगे। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम में पंज पूजा, उद्धव व कुबेर जी के पांडुकेश्वर प्रस्थान, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ जी के नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ गद्दी स्थल के लिए प्रस्थान का मुहूर्त तय किया जाएगा।
साथ ही, अगले वर्ष 2026 में होने वाली यात्रा के लिए भंडार सेवा हेतु पगड़ी भेंट भी दी जाएगी। इस प्रकार, विजयदशमी का यह अवसर न केवल धार्मिक बल्कि भव्य सांस्कृतिक आयोजन का प्रतीक बन जाएगा।
भाजपा का आरोप: सत्ता में रहते ठाकरे ने बाढ़ पर कार्रवाई नहीं की, अब रैली का खर्च राहत में लगाएं
मुंबई। महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को निशाने पर लेते हुए सोमवार को कहा कि वह इस साल की अपनी पारंपरिक दशहरा रैली रद्द करें और उसका खर्च मराठवाड़ा के बाढ़ पीड़ितों की मदद में लगाएं। उपाध्ये ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए ठाकरे ने बाढ़ और संकट के समय ठोस कदम नहीं उठाए और अब उन्हें अपनी गलती सुधारने का अवसर है।
महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों को बुरी तरह प्रभावित किया है। खासकर मराठवाड़ा क्षेत्र, जो सामान्यतः सूखे से जूझता है, इस बार बाढ़ की तबाही से जूझ रहा है। सैकड़ों परिवारों ने अपना घर-बार और जीविका का साधन खो दिया है।
उपाध्ये ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने हाल ही में मराठवाड़ा के पांच जिलों का दौरा कर प्रभावितों से संवेदना तो जताई, लेकिन अब केवल शब्दों से काम नहीं चलेगा। उन्हें अपनी परंपरागत दशहरा रैली रद्द कर, उस पर होने वाला व्यय राहत कार्यों में लगाना चाहिए, ताकि संवेदना व्यावहारिक मदद में बदल सके।
भाजपा नेता ने ठाकरे की रैली की थीम और दिशा पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि बाल ठाकरे के समय यह रैली विचारधारा और संगठन का केंद्र होती थी, जबकि अब यह केवल विरोधियों पर आरोप लगाने और पार्टी टूटने की कहानी दोहराने तक सीमित रह गई है। उन्होंने पूछा कि जब वही बातें ‘सामना’ अख़बार में रोज प्रकाशित होती हैं, तो लाखों रुपये खर्च कर रैली आयोजित करने का क्या औचित्य है।
जम्मू- कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति महेंद्र शर्मा को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया है। इस संबंध में श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्याधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने आदेश जारी किए हैं।

गौरतलब है कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन का जिम्मा जम्मू- कश्मीर के उप राज्यपाल संभालते हैं। समिति के सदस्यों का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। महेंद्र शर्मा के अलावा समिति में एमिली फार्मास्युटिकल्स के प्रबंध निदेशक केके शर्मा, दुर्गा सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ आरपी चड्डा व नागपाल एसोसिएट के मालिक विकास नागपाल को सदस्य नामित किया गया है।
महेंद्र शर्मा उद्योगपति होने के साथ ही विभिन्न धार्मिक संस्थाओं से भी जुड़े हुए हैं। इसके अलावा वे श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य भी हैं।
बेरोजगार संगठन के मंच पर शिक्षकों का अपमान, सोशल मीडिया पर शिक्षिका उत्तरा पंत बहुगुणा के भड़के स्वर
उत्तरा पंत बहुगुणा ने सरकार से की युवती के शैक्षिक प्रमाणपत्रों के जांच की मांग, नहीं हुई जांच तो भूख हड़ताल की दी चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड की चर्चित सेवानिवृत्त अध्यापिका उत्तरा पंत बहुगुणा बेरोजगार युवाओं के आंदोलन में समर्थन देने पहुँचीं, लेकिन मंच से एक युवती द्वारा शिक्षकों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर उन्होंने कड़ा विरोध जताया है।
उत्तरा पन्त बहुगुणा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि आंदोलन का मुद्दा पेपर लीक था, लेकिन मंच पर अचानक धार्मिक और राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई और फिर शिक्षकों को लेकर मर्यादा तोड़ते हुए अपशब्द कहे गए। उन्होंने कहा कि वे चाहतीं तो उसी समय सख्त प्रतिक्रिया देतीं, लेकिन संघर्षरत युवाओं की तपस्या को देखते हुए चुप रहीं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अब वे मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी और सरकार से मांग की कि उनकी और संबंधित युवती की शैक्षिक योग्यता की जांच कराई जाए। बहुगुणा ने साफ कहा, “यदि जांच नहीं हुई तो मैं भूख हड़ताल पर बैठ जाऊंगी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी शिक्षक पर व्यक्तिगत आरोप हैं तो उसका नाम लेकर बात की जानी चाहिए थी, न कि पूरे शिक्षकीय समुदाय को कलंकित किया जाए। साथ ही युवती की डिग्री की सत्यता पर भी सवाल उठाए।

इस विवाद पर अभी तक न तो आंदोलन संचालकों और न ही सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है। हालांकि सोशल मीडिया पर बहुगुणा का समर्थन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और लोग इस घटना को शिक्षकों की गरिमा पर हमला मान रहे हैं।

‘बिग बॉस 19’ का ताज़ा वीकेंड एपिसोड ड्रामा, इमोशन्स और एंटरटेनमेंट से भरपूर रहा। सलमान खान ने जहां अपनी मस्ती और डांस से मंच पर धमाल मचाया, वहीं इस हफ्ते एविक्शन का शिकार बने आवेज दरबार। दर्शकों से कम वोट मिलने की वजह से उन्हें घर छोड़ना पड़ा, जिसके बाद कंटेस्टेंट्स और फैन्स दोनों ही भावुक नज़र आए।
एविक्शन से घर में मायूसी
नॉमिनेशन की सूची में इस बार पांच नाम थे—गौरव खन्ना, मृदुल तिवारी, अशनूर कौर, प्रणित मोरे और आवेज दरबार। वोटिंग राउंड में सबसे कम वोट मिलने के बाद आवेज को शो से अलविदा कहना पड़ा। उनके जाते ही घर का माहौल भारी हो गया। नेहल चूड़ासमा, अभिषेक बजाज और प्रणित मोरे आंसू रोक नहीं पाए। अभिषेक ने कहा कि उन्होंने कई बार आवेज को गेम में एक्टिव होने की सलाह दी थी, मगर उनका खेलने का अंदाज़ अलग था।
फैंस ने जताई नाराज़गी
एविक्शन के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने मेकर्स को जमकर घेरा। कई फैंस का मानना था कि वोट्स के हिसाब से नीलम को बाहर होना चाहिए था, लेकिन आवेज को निकालकर शो के नियमों पर सवाल खड़े कर दिए गए।
फिल्म प्रमोशन ने बढ़ाया रंग
‘वीकेंड का वार’ में वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ और मनीष पॉल पहुंचे। ये सभी अपनी फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी का प्रमोशन करने आए थे। उन्होंने घरवालों संग शायरी का मजेदार खेल खेला, जिससे माहौल हल्का-फुल्का और मजेदार बन गया।
सलमान खान का डांस शोस्टॉपर बना
फिल्म की स्टार कास्ट संग सलमान खान ने ‘पनवाड़ी’ और ‘बिजुरिया’ गानों पर धमाकेदार डांस किया। वरुण और जाह्नवी ने उन्हें गानों के हुक स्टेप्स सिखाए, और भाईजान ने अपनी एनर्जी से सबको सरप्राइज कर दिया।
रोस्ट सेशन ने लगाया तड़का
मनोरंजन को और बढ़ाने पहुंचे बिग बॉस ओटीटी 2 फेम अभिषेक मल्हान और कॉमेडियन हर्ष गुजराल। दोनों ने घरवालों को मजेदार रोस्ट से हंसते-हंसते लोटपोट कर दिया। अभिषेक ने तान्या मित्तल को ट्रोल करते हुए मजाक उड़ाया, वहीं हर्ष ने सभी कंटेस्टेंट्स पर चुटीले कमेंट्स किए और मृदुल को एक्टिव होकर खेलने की नसीहत दी।
(साभार)
जब तक मैं जीवित हूँ, तब तक उत्तराखंड के एक-एक छात्र को न्याय दिलाना मेरा संकल्प- सीएम धामी
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की 21 सितम्बर को हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में फंस गई है। इस मामले को लेकर युवाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से अनौपचारिक वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस प्रकरण में किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। SIT गठित कर दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखण्ड की देवतुल्य जनता और मीडिया जगत इस बात के साक्षी हैं कि हमारी सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया और 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा। बीते चार सालों में 25,000 से अधिक युवाओं को योग्यता व प्रतिभा के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है, जो पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुईं।”
सीएम धामी ने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी सरकार छात्रों के हित में निर्णय लेने के लिए एक प्रतिशत भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा, “जब तक मैं जीवित हूँ, तब तक उत्तराखंड के एक-एक छात्र को न्याय दिलाना मेरा संकल्प है। आने वाली परीक्षाओं में नकल कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अगले एक वर्ष में 10,000 नई नियुक्तियाँ की जानी हैं और इनका कैलेंडर जारी किया जा चुका है। सभी नियुक्तियाँ पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएँगी।
सीबीआई जांच के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, “अभी SIT जांच कर रही है, पहले उसे पूरा होने दिया जाए। हमें किसी भी जांच से परहेज नहीं है। छात्रों के हित में जो भी जरूरी होगा, हम करेंगे। CBI जांच से भी कोई परहेज नहीं है।”
तिलक वर्मा के नाबाद 69 रन, रिंकू सिंह के चौके से भारत बना चैंपियन
नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान को हराकर टी-20 एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह जीत भारत के लिए खास रही क्योंकि टीम ने 2023 में वनडे एशिया कप पर कब्ज़ा जमाने के बाद अब टी-20 प्रारूप में भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में तिलक वर्मा ने नाबाद अर्धशतक खेलकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रनों पर समेट दिया। कुलदीप यादव की फिरकी के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं सके। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आखिरी चौका रिंकू सिंह ने जड़ा और इसके साथ ही पूरा स्टेडियम ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों से गूंज उठा।
मैच का रोमांच
भारत की खराब शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के भीतर ही अभिषेक शर्मा (5), शुभमन गिल (10) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (1) आउट होकर पवेलियन लौट गए। भारत का स्कोर उस वक्त महज़ 20 रन पर 3 विकेट था।
तिलक और सैमसन की साझेदारी
संकट की घड़ी में तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। सैमसन (24) बड़ा स्कोर नहीं बना सके, लेकिन उन्होंने तिलक को टिकने का मौका दिया।
दुबे का आक्रामक अंदाज
भारत का स्कोर 77 पर 4 विकेट था, तभी शिवम दुबे क्रीज पर आए। उन्होंने तिलक के साथ मिलकर रन गति को बनाए रखा। दुबे ने 22 गेंदों पर 33 रन की तेज पारी खेली।
आखिरी ओवर का ड्रामा
अंतिम 6 गेंदों पर भारत को 10 रन चाहिए थे। हारिस रऊफ गेंदबाजी करने आए। तिलक ने छक्का और रन लेकर मैच बराबरी पर ला दिया और रिंकू सिंह ने चौका जड़ते हुए भारत को खिताबी जीत दिलाई।
पाकिस्तान की पारी
पाकिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और अच्छी शुरुआत की। साहिबजादा फरहान (57) और फखर जमां (46) ने भारत को शुरुआती विकेट नहीं लेने दिए। लेकिन जैसे ही फरहान आउट हुए, पाकिस्तान की पारी बिखर गई। मध्यक्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा और टीम 146 पर सिमट गई।
भारत के लिए कुलदीप यादव ने 4 विकेट, जबकि जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके।
मुख्यमंत्री धामी ने गढ़ी कैंट बाजार में व्यापारियों से की जीएसटी पर चर्चा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट बाज़ार पहुंचे, जहाँ उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से जीएसटी पर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से नए जी.एस.टी. स्लैब पर सुझाव व फीडबैक लिया और उनसे आग्रह किया कि वे आम जनता को घटे हुए जी.एस.टी. दरों की जानकारी दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनता को सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कई आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर जी.एस.टी. दरों में कमी की है। “नेक्स्ट जनरेशन जी.एस.टी” की यह पहल व्यापार और अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ ही जनता को राहत भी प्रदान करेगी।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से कहा कि स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना हर नागरिक का कर्तव्य है। इससे किसानों, कारीगरों और छोटे व्यापारियों को मजबूती मिलेगी तथा भारत की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहां के उत्पाद देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे।
अल्मोड़ा/सोमेश्वर। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को निजी आवास सोमेश्वर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम का 126 वां एपिसोड सुना।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने का आह्वान किया और दो महिला नौसेना अधिकारियों से संवाद कर उनके साहस का उत्साहवर्धन किया। यह देश की महिलाओं को आत्मबल और प्रेरणा देने वाला संदेश है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रधानमंत्री का स्थानीय स्तर पर बने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और “वोकल फॉर लोकल” का आह्वान हर नागरिक के लिए मार्गदर्शक है। यह न केवल देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा बल्कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में भी मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए समाज को समानता, न्याय और करुणा के मार्ग पर चलने की अपील की। इससे समाज में सकारात्मक सोच और एकता का वातावरण बनेगा।
रेखा आर्या ने अपील की कि हम सभी को महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग और महापुरुषों की शिक्षाओं को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। यही प्रधानमंत्री जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का वास्तविक संदेश है, जो हर भारतीय को आत्ममंथन और समाजहित में योगदान करने की दिशा दिखाता है।
