देहरादून। इस बार प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस वृद्ध महिलाओं को समर्पित किया जाएगा। कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार महिला दिवस हमारी दादियों और नानियों को समर्पित होगा, जिन्होंने अपने त्याग, परिश्रम और संस्कारों से समाज की नींव मजबूत की है।
रेखा आर्या ने कहा, “हमारी दादियां और नानियां हमारे परिवार और समाज की धरोहर हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उन्हें आमंत्रित कर सम्मानित करना हमारे लिए गौरव का विषय होगा। साथ ही, उनके कल्याण के लिए एक ठोस योजना को धरातल पर उतारना हमारी प्राथमिकता है।”
मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद से वृद्ध महिलाओं को इस आयोजन में ससम्मान आमंत्रित किया जाए। इसके साथ ही दूरदराज के गांवों में सर्वे कर यह आकलन किया जाए कि वृद्ध महिलाओं को किस प्रकार की सहायता की आवश्यकता है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर एक कल्याणकारी योजना का प्रारूप तैयार किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद महिलाओं तक वास्तविक लाभ पहुंच सके।
बैठक में विभागीय निदेशक बंशीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सतपाल महाराज ने किया विंटर कार्निवल का उद्घाटन
उत्तराखंड को विंटर स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम- सतपाल महाराज
औली। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने औली की पावन और मनोहारी धरती पर ‘विश्व प्रसिद्ध नेशनल हिमक्रीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026’ का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समुद्र तल से हजारों मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपनी विशिष्ट भौगोलिक संरचना के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर की विंटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के लिए एक आदर्श स्थल बन चुका है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड को एक स्थायी ‘विंटर स्पोर्ट्स हब’ और विश्वस्तरीय पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 13 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह विंटर कार्निवल न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोककलाओं, होमस्टे व्यवस्था और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राज्य सरकार आने वाले महीनों में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कई बड़े आयोजनों की तैयारी कर रही है। अप्रैल माह में भारतीय सेना के सहयोग से ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज’, मई में नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ और जून में बद्रीनाथ-माणा क्षेत्र में ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल’ के आयोजन का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही 80 के दशक की ऐतिहासिक ‘हिमालयन कार रैली’ को पुनः शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे निर्माण जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को भी गति दी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने विश्वास जताया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की भावना से प्रेरित यह विंटर कार्निवल राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने देश-विदेश के पर्यटकों से देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और साहसिक खेलों का अनुभव लेने का आह्वान किया।
शान्तिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन हेतु विभागों में समन्वय के निर्देश
परीक्षा संचालन में पूरी गंभीरता बरतें, किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी क्षम्य- जिलाधिकारी
23 फरवरी से 18 मार्च तक परीक्षाएं, 125 परीक्षा केन्द्रों पर 12,605 छात्र-छात्रा होंगे शामिल
पौड़ी। आगामी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय इण्टर कॉलेज पौड़ी में जनपद के शिक्षाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिये, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकासखण्ड स्तर पर शीघ्र बैठक आयोजित कर परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने हेतु शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा, सीसीटीवी की कार्यशीलता, सभी केन्द्रों पर निगरानी तथा उड़नदस्तों की सक्रियता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये गये। साथ ही उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे कार्मिकों को समय से तैनाती, प्रशिक्षण एवं उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन एवं मूल्यांकन केन्द्रों तक सुरक्षित प्रेषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्यों को परीक्षार्थियों के हितों पर ध्यान केंद्रित करते हुए निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व छात्रों के लिए ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएं। इन सत्रों में परीक्षा संबंधी दिशा- निर्देश, उत्तर पुस्तिका नामांकन की प्रक्रिया, समय प्रबंधन, निर्देश, परीक्षा केंद्र की आचार संहिता और तनाव प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल को सकारात्मक एवं अभिनव वातावरण प्रदान करना भी विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी 125 परीक्षा केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाएं पेयजल, विद्युत, पर्याप्त फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम व्यवस्था, परीक्षा कक्षों में बैठने की समुचित योजना, प्रश्नपत्र वितरण की गोपनीयता तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश भी दिये।
मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि 23 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक संचालित होने वाली इन बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में कुल 125 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें से 124 परीक्षा केन्द्रों पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों की परीक्षाएं आयोजित होंगी, जबकि राजकीय इण्टर कॉलेज देवीखाल में केवल कक्षा 10वीं की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 12,605 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 6,185 छात्र हाईस्कूल तथा 6420 छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में प्रधानाचार्य जी.आई.सी. मोहन चंद्र घिल्डियाल, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, उप-निरीक्षक पुलिस विभाग मेहराजुद्दीन सहित जनपद के सभी खण्ड शिक्षाधिकारी तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
मातृशक्ति के उत्कर्ष और महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बनीं प्रतिभा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभा थपलियाल की उपलब्धियों को उत्तराखंड की मातृशक्ति के गौरव तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की सफलता से प्रदेश, विशेषकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। मातृशक्ति अब खेलों के साथ-साथ अन्य विविध क्षेत्रों में भी अपने कैरियर की संभावनाएं तलाश रही हैं, जो प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि मातृप्रधान रही है तथा पहाड़ की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। समय-समय पर उत्तराखंड की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन के क्षेत्र में देश-दुनिया का मार्गदर्शन किया है। हमें अपनी मातृशक्ति पर गर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की ऐसी प्रतिभाशाली महिलाएं जो विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर रही हैं, उन्हें राजकीय सेवा में अवसर प्रदान करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का परचम
43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल की प्रमुख उपलब्धियां (पिछले चार वर्षों में):
वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक।
प्रतिभा थपलियाल बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में महिला विश्व चैंपियनशिप एवं एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली महिला बॉडीबिल्डर हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
प्रदेश सरकार महिला खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सफलता का परचम लहराती रहें।
इस दौरान राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित थे।
आपदा पीड़ितों और वंचित बच्चों के लिए पूर्व सैनिक का अनुकरणीय सहयोग
देहरादून। लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने और समाज के प्रति दायित्व निभाने वालों की आज भी कोई कमी नहीं है। इसी भावना का परिचय देते हुए सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी, निवासी वसंत विहार, देहरादून एवं मूल निवासी जहरिखाल, पौड़ी गढ़वाल, ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये की धनराशि दान की।
ब्रिगेडियर जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर चेक सौंपा। यह सहयोग पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत-बचाव कार्यों तथा आपदा से प्रभावित गरीब एवं वंचित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका में सहायता के उद्देश्य से दिया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अनुभवी सैन्य अधिकारी होने के नाते ब्रिगेडियर जोशी की यह पहल राज्य और समाज के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा समाज के अन्य लोगों को भी सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर एच. के. जोशी की पुत्री सुश्री शानू जोशी भी उपस्थित थीं।
वाहन में तीन लोगों के सवार होने की आशंका
टिहरी। टिहरी गढ़वाल में एक बड़ा हादसा हो गया है। तीनधारा सैनिक होटल के पास एक पिकअप लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में संभावित रूप से तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। एसआई सावर सिंह के नेतृत्व में पहुंची रेस्क्यू टीम ने देखा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन नदी में समा चुका है और सतह पर दिखाई नहीं दे रहा है।
ढालवाला पोस्ट से अतिरिक्त टीम रवाना
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला पोस्ट से भी एसआई दीपक जोशी के नेतृत्व में एक और एसडीआरएफ टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दोनों टीमों द्वारा समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
राफ्ट और डीप डाइविंग से सघन तलाशी
घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीमें राफ्ट और डीप डाइविंग तकनीक की मदद से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नदी के तेज बहाव और गहराई के चलते रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फिलहाल लापता लोगों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
लगातार अपराधों से सहमा दून, लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी
देहरादून। देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स का है, जहां सुबह जिम से बाहर निकल रहे एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल है।
राजधानी में लगातार गोलीकांड, पुलिस पर बढ़ा दबाव
राजधानी में यह कोई पहली घटना नहीं है। महज कुछ दिन पहले तिब्बती मार्केट के बाहर दिनदहाड़े कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सरेआम हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी।
गुंजन हत्याकांड से पहले ही सहमा था शहर
इससे पहले 2 फरवरी को दून शहर गुंजन हत्याकांड से दहल उठा था। दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े चापड़ से हत्या की इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। हालांकि इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष जांच टीम के जरिए रिकॉर्ड समय में चार्जशीट दाखिल की थी, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से लोगों की चिंता कम नहीं हो सकी।
ऋषिकेश और विकासनगर में भी हत्या की वारदातें
राजधानी के साथ-साथ ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र भी आपराधिक घटनाओं से अछूते नहीं रहे। ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या और विकासनगर में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या ने आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
नहर किनारे मिला था छात्रा का शव
29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र की 18 वर्षीय छात्रा मनीषा तोमर का शव ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था। इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लैन्सडाउन विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर शासनादेश जारी, मंत्री जोशी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से पूर्व सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लैन्सडाउन विधानसभा, जनपद पौड़ी के अंतर्गत दिनांक 05 अक्टूबर, 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर शासनादेश (जीओ) जारी कर दिया गया है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी जताया।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जयहरीखाल का उच्चीकरण किया जाएगा। रा०इ०का० कर्तिया का नाम शहीद कमल रावत के नाम पर रखा जाएगा। हाई स्कूल डोबरियासार का नाम शहीद अनुज नेगी के नाम पर किया जाएगा। गोडला–चिणौँ मार्ग का नाम शहीद किशवानन्द ध्यानी के नाम पर रखा जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जयहरीखाल का नाम शहीद हरीश जोशी के नाम पर किया जाएगा तथा जयहरीखाल–गूमखाल मार्ग का नाम शहीद खुशाल सिंह नेगी के नाम पर किया जाएगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और उनके नाम पर संस्थानों एवं मार्गों का नामकरण कर नई पीढ़ी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सरकार निरंतर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर रि.कर्नल रघुवीरसिंह भंडारी, कर्नल आर. एस रांगडा, कर्नल नवीन थापा, कैप्टन रमेश सिंह, अशोक सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
पशुलोक में बहुमंजिला भवन सील, खेरिकला व रायवाला में अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत ऋषिकेश में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को अंजाम दिया। प्राधिकरण द्वारा यह अभियान क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने और अनधिकृत निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। एमडीडीए की टीम ने गली नंबर 10, निर्मल बाग, ब्लॉक-बी, पशुलोक, ऋषिकेश (देहरादून) में श्रवि द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण पर कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। बताया गया कि संबंधित निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के किया जा रहा था, जो प्राधिकरण की निर्माण संबंधी नियमावली का उल्लंघन है। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी, अमित भारद्वाज, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके अतिरिक्त, खेरिकला स्यामपुर, ऋषिकेश में सुनील रावत द्वारा लगभग 05 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर बनाई गई अवैध सड़कों एवं भू-खंडों के सीमांकन को हटाते हुए प्लाटिंग को निरस्त किया गया।
इसी क्रम में रायवाला, ऋषिकेश क्षेत्र में संदीप रावत द्वारा लगभग 06 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया और संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के सुव्यवस्थित और नियोजित विकास के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। “एमडीडीए का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों को जागरूक करना भी है, ताकि वे बिना मानचित्र स्वीकृति या विधिक अनुमति के किसी भी निर्माण कार्य में निवेश न करें,” उन्होंने कहा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने से पूर्व प्राधिकरण से विधिवत जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा नियमित रूप से निगरानी की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। “हमारा लक्ष्य पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से नियोजित विकास को बढ़ावा देना है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की जाएगी,” उन्होंने कहा।
एमडीडीए की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में बिना किसी पूर्व सूचना के सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिससे ऋषिकेश सहित समूचे प्राधिकरण क्षेत्र में सुव्यवस्थित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
चम्पावत में 64.94 करोड़ से बनेगा ‘सिटी सेंटर’, स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लैक्स को हरी झंडी
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई बैठक में विभिन्न विभागों के योजना प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागीय उच्च अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों के साथ ही अन्य संबंधित प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समय सीमा निर्धारित करते हुए कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्ति किया जाये।
मुख्य सचिव ने जनपद चम्पावत के अन्तर्गत रोडवेज स्टेशन चम्पावत में आधुनिक सुसज्जित स्टोरी पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लैक्स के निर्माण लागत रू 64.94 करोड़ के प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान करते हुए इसका नाम सिटी सेंटर चम्पावत रखे जाने के निर्देश दिये। उन्होने इसमें यात्रियों एवं स्थानीय जनता को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराने, स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था तथा पार्किंग स्थल पर रोडवेज की बसों के साथ ही टैक्सी पार्किंग की भी व्यवस्था करने को कहा ताकि इससे आम जनता को और अधिक सुविधा हो सके।
मुख्य सचिव ने जनपद टिहरी गढ़वाल के अन्तर्गत टिहरी मुख्यालय के माल रोड़ में फसाड कार्य रेलिंग्स, पाथ, स्ट्रीट लाइट, शौचालय निर्माण किये जाने आदि के प्रस्तावित कार्याें हेतु 11.25 करोड कि संस्तुति प्रदान करते हुए कहा कि टिहरी नगर में फसाड़ कार्य, रेलिंग्स, पाथ, स्ट्रीट लाईट एवं शौचालय का निर्माण से आम जनमानस/पर्यटकों को सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
इसके अतिरिक्त व्यय वित्त समिति की बैठक में मुख्य सचिव द्वारा शैक्षिक सत्र 2025-26 में राज्य के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत समस्त छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराये जाने हेतु माध्यमिक शिक्षा विभाग हेतु 52.84 करोड़, जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग में हॉट मिक्स का कार्य हेतु 12.15 करोड, जनपद ऊधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र किच्छा के अन्तर्गत एन०एच०109 में पं० राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मन्दिर मोड, सिडकुल एवं आनंदपुर होते हुए एस0एच044 तक मार्ग के कि०मी०. 5.000 से 12.255 तक पुनः निर्माण कार्य हेतु लोक निर्माण विभाग को 23.12 करोड़ जनपद ऊधमसिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र क्षेत्र किच्छा के शिमला पिस्तौर कुरैया मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य हेतु लोक निर्माण विभाग को 20.17 करोड़ की संस्तुति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव द्वारा कुम्भ मेला-2027 की व्यवस्थाओं के अन्तर्गत खड़खड़ी शमशान घाट जाने वाले मार्ग पर सूखी नदी पर स्थित कॉजवे के स्थान पर डबल लेन सेतु का निर्माण हेतु शहरी विकास विभाग को 13.22 करोड, कुम्भ मेला-2027 के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार में मायापुर स्क्रैप चैनल पर दक्षद्वीप एवं बैरागी कैम्प को जोडने वाले पूर्व निर्मित सेतु के डाउनस्ट्रीम में 60 मी० स्पान स्टील गर्डर डबल लेन सेतु के निर्माण हेतु शहरी विकास विभाग को 12.46 करोड की भी संस्तुति प्रदान की गई।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, डॉ पंकज कुमार पाण्डे, डॉ आर. राजेश कुमार, वी. षणमुगम, विषेश सचिव अजय मिश्रा, मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका सहित विभिन्न विभागों के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
