भाजपा ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस..
उत्तराखंड: प्रदेश में भाजपा समेत विभिन्न संगठनों ने स्तंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। भाजपा महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष कमली भट्ट ने विभिन्न स्थानो पर जाकर ध्वजारोहण किया। अंबेडकर नगर मंडल में मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया। उधर, जीएमएस मंडल में मंडल अध्यक्ष विजेंद्र थपलियाल के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें राज्य सभा सांसद नेरश बसंल, कैंट विधायक सविता कपूर, राजेंद्र सिंह ढिल्लो, सिद्धार्थ बंसल, धनराज छेत्री, श्रवण वर्मा, अंकित अग्रवाल, मोहन भट्ट, विशाल शर्मा, रणजीत सेमवाल मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष के विवादित बयान पर सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का बचाव..
उत्तराखंड: हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के ‘शक की निगाह’ वाले बयान पर बचाव करते हुए सफाई दी है। निशंक का कहना हैं कि प्रदेश अध्यक्ष के बयान में उनके भाव को समझना चाहिए। उसे अन्यथा नहीं लेना चाहिए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि जो आदमी देश की आजादी का उत्सव नहीं मनाना चाहता है, ऐसा कोई व्यक्ति हो सकता है तो पहचान में आना चाहिए। फिर उसे देश में रहने का क्या हक है? जो अपने देश की आजादी और देश के प्रति वफादार नहीं हो सकता है तो उसे देश में रहना चाहिए? भाजपा अध्यक्ष ने यह कहा कि हर घर में यदि तिरंगा होगा तो कितना स्वाभिमान सम्मान होगा। निशंक ने यह बातें हरिद्वार में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान कही।
निशंक का हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के बाद हर छोटे बड़े राजनीतिक दल के नेताओं के हाथ में तिरंगा दिख रहा है। जनता में देश के लिए जुनून और जज्बा दिखाई दे रहा है। इस समय देश एकजुट है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि हर दिल में तिरंगा होना चाहिए। जिस दिन हर हाथ और हर दिल में तिरंगा होगा, विश्व में भारत शिखर पर होगा।
केदारनाथ में प्रशासन ने भेजे दस हजार झंडे..
उत्तराखंड: विश्व विख्यात केदारनाथ धाम में आजादी के अमृत महोत्सव पर केदारनाथ धाम में मानव श्रृंखला बनायी जायेगी। साथ ही केदारनाथ में स्थित सभी भवनों में तिरंगा लगाया जायेगा। केदारनाथ आने वाले प्रत्येक यात्री को पैदल मार्ग सहित केदारनाथ धाम में तिरंगे वितरित किये जा रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। सम्पूर्ण जनपद के साथ ही केदारनाथ में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में 15 अगस्त को ध्वजा रोहण के बाद मानव श्रृंखला बनायी जायेगी।
साथ ही केदारनाथ के सभी भवनों में तिरंगे को लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में छोटे-बड़े मिलाकर दस हजार झंडे भेज दिये गये हैं। सभी यात्रियों को भी झंडे वितरित किये जा रहे हैं। साथ ही धाम पहुंचने वाले यात्रियों को भी आजदी के अमृत महोत्सव में शामिल किया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वहीं आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जनपद के सभी विभागों की ओर से अपने-अपने स्तर से आम जनमानस को घरों में तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे तीर्थ यात्रियों को पुलिस के जवान झंडे उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे की अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
इसके साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास विभाग ने जनपद के आंगनबाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत छोटे बच्चों में देश प्रेम की भावना उजागर करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है तथा जिला सूचना कार्यालय में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने भी जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों मे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सभी घरों में तिरंगा झंडे लगाये जाने के लिए जागरुक किया जा रहा है।
पंचायती राज विभाग द्वारा जनपद के सभी गांवों में 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज लगाये जाने के लिए ग्राम स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराये जा रहे हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात कार्मिक भी सभी लोगों को अपने घरों में तिरंगा लगाये जाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
चारधाम यात्रा मार्ग पर खोले जाएंगे ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा मार्गों पर इलेक्ट्रॉनिक चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय से मुलाकात कर इलेक्ट्रॉनिक चार्जिंग स्टेशन का मुद्दा उठाया। केंद्रीय मंत्री का कहना हैं कि इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्ताव बनाकर भेजा जाए। इसके साथ ही नैनीताल जिले के रानीबाग में एचएमटी उद्योग को राज्य सरकार को सौंपने का आग्रह किया। सरकार इस उद्योग को खरीदने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पांडेय से चारधाम यात्रा मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक चार्जिग स्टेशन बनाने का आग्रह किया। जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों से बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम जाने वाले यात्रियों को चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से चार्जिंग स्टेशन के लिए प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। सीएम ने कहा कि जल्द ही राज्य सरकार की ओर से स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजेगी।
मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के रानीबाग स्थित एचएमटी उद्योग को राज्य सरकार को सौंपने के लिए मंत्रालय के अधिकारियों का निर्देश देने का आग्रह किया। सीएम ने कहा कि एचएमटी उद्योग लगातार घाटे में चलने के कारण आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी ने इसे बंद करने की सिफारिश की थी। एचएमटी उद्योग को जैसा है, जहां है के आधार पर राज्य सरकार को हस्तांतरित किया जाना प्रस्तावित है। प्रदेश सरकार ने एनबीसीसी की ओर से तय एचएमटी की चल और अचल संपत्ति के मूल्य का आकलन किया गया। इस मूल्य पर एचएमटी को खरीदने के लिए सरकार ने अपनी सहमति भारी उद्योग मंत्रालय को भेज दी है।
सुपरटेक के ट्विन टावर को गिराने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने बढ़ाई समय सीमा..
देश-विदेश: सुप्रीम कोर्ट ने आज नोएडा में सुपरटेक के 40 मंजिला ट्विन टॉवर को गिराने के लिए 28 अगस्त की तारीख तय कर दी। दोनों जुड़वां इमारतें गिराने में किसी भी तरह की परिस्थितिजन्य या तकनीकी समस्या आए तो एक हफ्ते की अतिरिक्त समय सीमा दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने भवन निर्माण कंपनी सुपरटेक की एमराल्ड परियोजना के तहत बने इस ट्विन टॉवर को गिराने के लिए समय सीमा तय की है। शुक्रवार को शीर्ष अदालत ने ये दोनों टावर ढहाने की तैयारियों में जुटी सरकारी एजेंसियों को एक सप्ताह का अतिरिक्त वक्त दे दिया।
गोल्डन कार्ड से मरीजों को मिलेगा अब निशुल्क आयुर्वेदिक इलाज..
उत्तराखंड: स्वास्थ्य विभाग ने स्टेट हेल्थ स्कीम के तहत अब आयुर्वेदिक इलाज की सुविधा देने का भी फैसला लिया है। योजना के तहत आयुर्वेदिक अस्पतालों की ओपीडी में इलाज पर चिकित्सा प्रतिपूर्ति जबकि आईपीडी में कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का कहना हैं कि राज्य स्वास्थ्य योजना के तहत आयुर्वेदिक इलाज को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है।
जिसमें सरकार का मकसद है कि कर्मचारी, पेंशनर्स को योजना के तहत सभी तरह का इलाज निशुल्क मिले। इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुर्वेदिक इलाज को भी राज्य स्वास्थ्य योजना में शामिल करने की मांग कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री से की थी। मंत्री के निर्देश पर विभाग ने प्रस्ताव शासन को भेजा था। जिस पर लगभग सहमति बन गई है। सचिव स्वास्थ्य राधिका झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस निर्णय को हरी झंडी मिल गई है।
इसके बाद कैबिनेट में इसे रखा जाएगा। राज्य में लगभग तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स आयुष्मान योजना के दायरे में हैं। आयुर्वेदिक इलाज को राज्य स्वास्थ्य योजना में शामिल किए जाने के बाद राज्य के बड़े आयुर्वेदिक अस्पतालों को भी योजना के तहत संबद्ध किया जाएगा। इन अस्पतालों में कर्मचारी, पेंशनर्स को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
सीएम धामी ने जनता से की घरों में तिरंगा लगाने की अपील..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के गांधी पार्क में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व प्रभात फेरी में शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने सभी लोगों से घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। कार्यक्रम व प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, डीजीपी अशोक कुमार, मंत्री धन सिंह रावत, मेयर सुनील उनियाल गामा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि इस प्रभाव फेरी से पूरे प्रदेश में देशभक्ति का संदेश जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव हमारे लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस बार आजादी के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं। ये समय हमारे वीरों को याद करने का है। भारत आज दुनिया में एक सशक्त भारत बनकर उभरा है। आने वाले 25 साल भारत का एक नव निर्माण करेंगे।
सीएम का कहना हैं कि प्रदेश के 20 लाख घरों में तिरंगा लगाया जाना है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। सचिवालय में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के तहत प्रेरणा आजीविका स्वयं सहायता समूह की ओर से स्टाल लगाया गया।
इसका शुभारंभ अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने किया। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव रतूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाएगा।
अस्पताल से बिना जांच एवं दवाइयों के बैरंग लौटे मरीज..
उत्तराखंड: गुरूवार रात्रि को सीएचसी अगस्त्यमुनि में लिपिक द्वारा शराब के नशे में महिला चिकित्सक के साथ किए गये अभद्र व्यवहार के बाद आरोपी लिपिक के खिलाफ कार्यवाही करने को लेकर चिकित्सकों ने शुक्रवार को इमरजंेसी के अलावा सभी सेवाओं का बहिष्कार कर दिया। जिससे दूर-दराज से आये मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और अस्पताल से बिना जांच एवं दवाइयों के बैरंग ही वापस होना पड़ा।
महिला चिकित्सक की ओर से थाना अगस्त्यमुनि में दी गई तहरीर में कहा गया कि गुरूवार रात्रि लगभग दस बजे के आस-पास सीएचसी अगस्त्यमुनि में तैनात लिपिक शराब के नशे में धुत होकर अस्पताल के इमरजंेसी वार्ड में आकर ड्यूटी में मौजूद महिला चिकित्सक से अभद्रता करने लगा। चिकित्सक द्वारा उसे अनदेखा किए जाने से और भी नाराज हो गया तथा चिकित्सक को अपने सम्मान में कुर्सी से उठने को कहने लगा।
तुम कल के बच्चे हो मेरे सामने कुर्सी पर बैठने के हकदार नहीं हो। इसके साथ ही गाली गलौज भी करने लगा। यही नहीं वह वहां मौजूद नर्स एवं अन्य स्टाफ को भी धमकाने लगा। जिसके बाद चिकित्सक ने अपने साथियों से बात की और ऐसी स्थिति में ड्यूटी करने में असमर्थता जाहिर की। चिकित्सकों ने जब लिपिक से बात करने की कोशिश की तो वह उल्टा उन्हें ही दोषी करार करने लगा।
जिसके बाद महिला चिकित्सक ने पुलिस अधीक्षक के नाम पत्र शिकायत लिखकर थाना अगस्त्यमुनि में जमा करवाई। पुलिस द्वारा आरोपी लिपिक को थाने में लाया गया। उसका मेडिकल कराया गया। वहीं चिकित्सकों ने महिला चिकित्सक के साथ हुई घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह से ही इमरजेंसी सेवाओं के अलावा सभी सेवाओं का बहिष्कार कर दिया। उनका कहना था कि लिपिक के खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें थी पर अब पानी सर से ऊपर आ गया है। ऐसे माहौल में रहकर उनसे चिकित्सा कार्य नहीं हो पायेगा।
वहीं कई विभागीय कर्मचारी इसे परिवार के बीच की घटना बताकर समझौते के लिए चिकित्सकों पर दबाव भी बना रहे हैं। थानाध्यक्ष योगम्बर गुसाईं ने कहा कि महिला चिकित्सक द्वारा लिपिक के खिलाफ तहरीर मिली है। पुलिस इसमें जो भी उचित कार्यवाही होगी, करेगी। वहीं आरोपित लिपिक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की मांग को लेकर सभी चिकित्सक सीएमओ से भी मिलेग।
प्रान्तीय चिकित्सा संघ के जिलाध्यक्ष डॉ राजीव गैरोला ने इस प्रकार की घटना का पुरजोर विरोध करते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्यस्थल पर चिकित्सकों की सुरक्षा के सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है, जबकि मुख्य चिकित्साधिकारी से आरोपी लिपिक को तत्काल अगस्त्यमुनि से हटाने की मांग की है।
उत्तराखंड के इन छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट..
उत्तराखंड: प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से अभी राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे । जिसके चलते मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना हैं कि इन जिलों में जहां ज्यादातर इलाकों में तेज गर्जना के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत अधिक बारिश की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि इस बाबत राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को भी अवगत कराया गया है। राजधानी दून में कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, वहीं कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ कहीं-कहीं तेज बौछार पड़ने की संभावना है।
विजिलेंस के लिए बनेगा दो करोड़ का रिवॉल्विंग फंड-सीएम धामी..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने उत्तराखंड में विजिलेंस को मजबूत बनाने के लिए दो करोड़ के रिवॉल्विंग फंड की घोषणा की। उनका कहना हैं कि उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सरकार विजिलेंस की सुविधाओं में और इजाफा करेगी। मुख्यमंत्री बुधवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में सुशासन, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के संबंध में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने चार व्हिसलब्लोअर्स को सम्मानित भी किया।
सीएम का कहना हैं कि राज्य में विजिलेंस को सशक्त बनाया जाएगा। इसके ढांचे एवं अन्य सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। विजिलेंस में सराहनीय कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त देवभूमि का संकल्प है। 2025 तक उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त एवं नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के लिए सभी विभागों को विजिलेंस के साथ समन्वय से कार्य करना होगा। उनका कहना हैं कि राज्य में विजिलेंस को और मजबूत बनाना है। जो ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा, शासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
