धमाके से दहला मसूरी, मची अफरा तफरी..
उत्तराखंड: मसूरी शहर के कुलड़ी में गुब्बारा गैस भरने वाले सिलिंडर में धमाका होने से गुब्बारा बेचने वाला युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा। हादसे में गुब्बारे बेचने वाला युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके से आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। कुलड़ी के समर हाउस के निकट एक होटल की छत पर गुब्बारे बेचने वाले 19 साल के युवक अरविंद कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह गुब्बारे में गैस भरने का काम कर रहा था अचानक गुब्बारा गैस सिलिंडर में धमाका हो गया। इससे युवक का एक पैर घटना स्थल से करीब दो सौ फीट दूर एक धार्मिक स्थल के परिसर में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन कपड़ों में लपेटकर अस्पताल ले जाया गया। धमाके से आसपास के घरों के शीशे, पानी की टंकियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कुछ देर तो किसी को समझ में नहीं आया कि हुआ क्या है। उप जिलाचिकित्साल मसूरी के सीएमएस डॉक्टर यतींद्र सिंह का कहना हैं कि गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलिंडर फटने से हादसा हुआ है।
लगा बम विस्फोट हुआ
घटना स्थल के पास मौजूद दुकानदार राजेश गोयल का कहना हैं कि वह अपनी दुकान पर थे तभी जोरदार धमाका हुआ। कुछ समझ में ही नहीं आया फिर घटना स्थल पर पहुंचे तो एक युवक लहूलुहान पड़ा था और उसका एक पैर गायब था। किसी तरह से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले गए। कोतवाल गिरीश चंद्र शर्मा का कहना हैं कि घायल युवक अरविंद कुमार (19 ) पुत्र सुरेन्द्र सिंह रसूलपुर गामड़ी, जिला अमरोहा, उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। पूरे मामले की जांच की जा रही। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक अपने किसी रिश्तेदार के साथ मसूरी में रहता है और मालरोड पर गुब्बारे बेचने का काम करता है।
जून के पहले हफ्ते से शुरू होगी आदि कैलाश यात्रा..
उत्तराखंड: भारत तिब्बत सीमा के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण होने के बाद अब कुमाऊं मंडल विकास निगम इस बार आदि कैलाश यात्रा वाहनों से कराएगा। बता दे कि अधिक से अधिक लोगों को इस यात्रा से जोड़ने और उन्हें पिछले साल की अपेक्षा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम ने नोएडा की संस्था डिवाइन मंत्रा प्राइवेट लिमिटेड के साथ अनुबंध किया है। यहां पर सड़क न होने के कारण आदि कैलाश जाने वाले यात्रियों को लगभग दो सौ किलोमीटर पैदल चलना होता था। इस बार केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों और सीमा सड़क निर्माण विभाग की पहल पर नाभिढांग और जोलिंगकांग तक एनएच का निर्माण कार्य चल रहा है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस बार पूरी यात्रा वाहनों से ही कराई जाएगी और किसी को भी पैदल नहीं चलना पड़ेगा।
आपको बता दे कि जून के पहले हफ्ते से यात्रा शुरू होगी और अक्टूबर तक चलेगी। डिवाइन मंत्रा ने यात्रा के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा हैं कि यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने के लिए ही निगम ने नोएडा की संस्था से अनुबंध किया है।
अब इस यात्रा को निगम और मंत्रा दोनों मिलकर कराएंगे। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए यात्रा मार्ग पर निगम के सहयोग से बनाए गए स्थानीय होम स्टे को भी उपयोग में लाया जाएगा। इससे तीर्थ यात्रियों को कुमाऊं की संस्कृति और परंपराओं को भी समझने का मौका मिलेगा।
आपको बता दे कि स्कंद पुराण के मानस खंड में आदि कैलाश एवं ओम पर्वत की यात्रा को कैलाश मानसरोवर यात्रा के बराबर ही प्रमुखता दी गई है। पिथौरागढ़ जिले में भारत तिब्बत सीमा के पास स्थित आदि कैलाश हूबहू कैलाश पर्वत की छवि है। कहा जाता है कि आदि कैलाश पर भी समय-समय पर भोले बाबा का निवास रहा और पास ही स्थित पार्वती सरोवर माता पार्वती का स्नान स्थल था। ओम पर्वत तीन देशों की सीमाओं से लगा हुआ है। इस स्थान के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व का वर्णन महाभारत, रामायण एवं पुराणों में भी मिलता है। आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा सिर्फ दो स्थानों की यात्रा नहीं है बल्कि अपने आप में अनेक धार्मिक तीर्थों को समेटे है। यह यात्रा काठगोदाम से शुरू होकर भीमताल, कैंची धाम, चितई गोलू मंदिर, जागेश्वर धाम, पार्वती मुकुट, ब्रह्मा पर्वत, शेषनाग पर्वत, शिव मंदिर, पार्वती सरोवर, गौरीकुंड, पाताल भुवनेश्वर, पांडव किला, कुंती पर्वत, पांडव पर्वत एवं वेदव्यास गुफा से होकर गुजरती है।
रितु खंडूरी कर सकती हैं आज विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन..
उत्तराखंड: कोटद्वार से विधायक रितु खंडूरी को विधानसभा अध्यक्ष बनाने की तैयारी है। आज रितु खंडूरी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर सकती हैं। सोमवार से विधानसभा सत्र आहूत किए जाने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना हैं कि विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए पार्टी ने दो विधायकों के नाम प्रस्तावित किए हैं। इनमें पहला नाम राजपुर रोड के विधायक खजानदास का है और दूसरा कोटद्वार की विधायक रितु खंडूरी का। लेकिन प्रदेश मंत्रिमंडल में चंदन राम दास को जगह मिलने के बाद अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े खजानदास का पलड़ा हलका हो गया है।
आपको बता दे कि यमकेश्वर से टिकट कटने के बाद अचानक कोटद्वार सीट पर उतारी गईं रितु खंडूरी की जीत ने प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को बेहद प्रभावित किया है। पार्टी महिलाओं को प्राथमिकता देना चाहती है। इसी कड़ी में उनसे विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कराया जा सकता है। सोमवार से विधानसभा सत्र हो सकता है। बृहस्पतिवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा सत्र की तिथि को लेकर निर्णय हो सकता है।
चारधाम यात्रा को लेकर हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को दिए ये निर्देश..
उत्तराखंड: हाईकोर्ट ने चारधाम यात्रा में सुविधाओं को लेकर स्वत: संज्ञान लिए जाने वाली जनहित याचिका पर सुनवाई की हैं। कोर्ट ने प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि वह दो माह के भीतर बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति केआर श्रीराम की ओर से चारधाम यात्रा की कमियों के संबंध में दिए पत्र के क्रम में उनका निस्तारण करें। इसके साथ ही कोर्ट ने जनहित याचिका को निस्तारित कर दिया है।
आपको बता दे कि सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा एवं न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे की खंडपीठ में हुई। बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति केआर श्रीराम ने बीती 15 जून 2019 को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को हो रही दिक्कतों और वहां की अव्यवस्थाओं को लेकर पत्र भेजा था। जिसमे कहा गया था कि चारधाम में आपदा का इंतजार हो रहा है। यमुनोत्री में तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की जरूरत है।
खुद के चारधाम यात्रा के दौरान के अनुभव बयां करते हुए कहा था कि यात्रा मार्ग में कई किलोमीटर तक पुलिस का जवान मौजूद नहीं रहता है। इस परिस्थिति में स्वास्थ्य या आपातकाल में मदद की उम्मीद नहीं की जा सकती। यात्रा मार्ग पर बैठने को बेंच, कुर्सी, शौचालय अथवा दूसरी अन्य सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने स्वयं खच्चर से और परिवार के अन्य सदस्यों ने मिट्टी से भरे कट्टे वाले पथरीले रास्तों से यात्रा तय की। इतने लंबे मार्ग में आराम करने के लिए कोई सुख सुविधा नहीं है न ही चिकित्सा की सुविधा है। इसका संज्ञान लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं। जिससे तीर्थयात्रियों को चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
रितु खंडूरी को बनाया पहली महिला स्पीकर..
उत्तराखंड: भाजपा ने उत्तराखंड के राजनैतिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। प्रदेश को रितु खंडूरी के रूप में पहली महिला स्पीकर मिली है। इस बार के विधानसभा चुनाव में कोटद्वार के दिग्गज कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह नेगी को हराकर विधायक बनी रितु खंडूरी ने कई मिथक तोड़े हैं।उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार महिला स्पीकर बनने जा रही है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी की बेटी रितु खंडूरी को विधानसभा स्पीकर बनाए जाने का यह बड़ा फैसला लिया है। उत्तराखंड में भाजपा ने यह नया इतिहास लिखा है। रितु कोटद्वार से विधायक चुनकर आई हैं। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में कोटद्वार से उनकी यह जीत कई मायनों में खास रही है। कोटद्वार सीट से चुनाव जीतकर उन्होंने अपने पिता की हार का बदला लिया था। अब इसके साथ ही अब पहली महिला स्पीकर का बनकर इतिहास रच रही हैं। रितु खंडूरी भूषण ने कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ 3687 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। रितु दूसरी बार मैदान में उतरीं थीं। 2022 के विधानसभा चुनाव में रितु खंडूरी को बीजेपी ने आखिरी समय पर यमकेश्वर से हटाकर कोटद्वार सीट से प्रत्याशी बनाया था। और आज रितु ने पहली महिला स्पीकर के रूप में शपथ भी ली।
पुष्कर सिंह धामी ने लगातार दूसरी बार ली शपथ, आठ मंत्रियों ने भी ली मंत्री पद की शपथ..
उत्तराखंड: पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (रि.) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ आठ मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद सभी संतों से मिलने पहुंचे। संतों ने सीएम योगी को आमंत्रित किया था। इस दौरान संतों ने सीएम योगी का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अब पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट की बैठक ले सकते हैं। इसमें समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर हाई पावर कमेटी बनाए जाने का फैसला लिया जा सकता है। बता दे कि धामी सचिवालय में पहली कैबिनेट बैठक ले सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए शासन स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि पहली कैबिनेट में आगामी विधानसभा सत्र को लेकर भी फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा भाजपा के चुनाव दृष्टि पत्र को सरकारी नीति दस्तावेज बनाए जाने का फैसला भी लिया जा सकता है।
कल होगा धामी का शपथ ग्रहण समारोह, पीएम मोदी और अमित शाह रहेंगे मौजूद..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक बार फिर सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री चुन लिया गया हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक बनकर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने धामी के नाम का एलान किया। इसके बाद धामी पार्टी के वरिष्ठ विधायकों के साथ राजभवन पहुंचे जहां उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। 23 मार्च को परेड ग्राउंड में धामी सरकार का शपथग्रहण होगा। उनका पहला कार्यकाल केवल आठ महीने का था। अब उन्हें अगले पांच साल के लिए सत्ता की बागडोर सौंपी गई है।
आपको बता दे कि कल 23 मार्च को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह देहरादून पहुंचेंगे। नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार और डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूरी ने सोमवार रात शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन स्थल परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सोमवार देर रात तक स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम के देहरादून पहुंचने की सूचना थी। शपथ ग्रहण समारोह स्थल परेड ग्राउंड और उसके आसपास जिला प्रशासन, पुलिस और खुफिया विभाग ने चलाया देर रात तक सघन तलाशी अभियान हुआ था। शपथ ग्रहण समारोह स्थल परेड ग्राउंड के आसपास पानी की टंकियों और ऊंची इमारतों पर भी खुफिया विभाग और पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
हार के बाद भी उत्तराखंड के CM होंगे धामी, हाईकमान ने भरी हामी..
उत्तराखंड: प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दे कि पुष्कर सिंह धामी ही उत्तराखड के अगले सीएम होंगे। ऐसी स्थिति में कोई एक विधायक उनके लिए सीट खाली करेगा। इसके 6 महीने के भीतर उपचुनाव होंगे और धामी के विधायक बनकर सदन में आना होगा। बीजेपी आलाकमान में धामी को लेकर किसी भी तरह का कनफ्यूजन नहीं है। उनकी इमेज को देखकर उन्हें एक बार फिर से मौका दिए जाने की बात कही जा रही है। इससे पहले धामी के लिए कई विधायक सीट खाली करने की बात कह चुके हैं। पिछली बार धामी ने उत्तराखंड के 11वें सीएम के रूप में शपथ ली थी। धामी खटीमा सीट से लगातार दो बार विधायक बने थे लेकिन इस बार चुनाव हार गए थे। ऐसे में सीएम को लेकर काफी कन्फ्यूजन हो गया था। कई चेहरों को लेकर कई तरह की बातें कही गई लेकिन अब आखिरकार धामी के नाम पर ही मुहर लग गई है
सीएम पर सस्पेंस जल्द होगा ख़त्म, कुछ ही देर में शुरू होगी विधायक दल की बैठक..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला आज हो जाएगा। विधायक मंडल दल की होने जा रही बैठक में बीजेपी विधायक दल के नेता चुना जाएगा। प्रदेश के पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देहरादून पहुंच गए हैं। उनकी मौजूदगी में देहरादून में होने वाली बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाली बैठक में पार्टी हाईकमान के फैसले के अनुसार मुख्यमंत्री के नाम पर एलान कर दिया जाएगा। बता दे कि बैठक में भाग लेने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम सोमवार दोपहर को देहरादून पहुंच गए हैं।। इसके अलावा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी समेत प्रदेश के सभी राज्यसभा व लोकसभा सांसद और नवनिर्वाचित विधायक बैठक में पहुंच गए हैं।
जाबांज इंस्पेक्टर को सलाम, युवक को बचाने के लिए दे दी अपनी जान..
उत्तराखंड: हल्द्वानी के काठगोदाम में बैराज में डूबते युवक की जान बचाने के लिए पुलिस इंस्पेक्टर ने अपनी जान कुर्बान कर दी। युवक की जान तो बच गई लेकिन सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र समेत पुलिस महकमे में शोक की लहर छा गई है। बता दे कि हादसे के दौरान सब इंस्पेक्टर ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि बैराज में नहाने गया युवक डूब गया है। एसआई युवक की जान बचाने बैराज में कूद गए। लेकिन जैसे ही वे बैराज से बाहर आ रहे थे, अचानक ही वे डूबने लगे। उनके साथियों ने बैराज के गेट को खुलवाकर उनको बाहर निकाला और उन्हें बृजलाल हॉस्पिटल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक सब इंस्पेक्टर की पहचान एसआई अमरपाल के रूप में हुई है जो कि काठगोदाम में जल पुलिस टीम के साथ तैनात थे। एसआई अमरपाल अपने साथी के साथ युवक की जान बचाने बैराज में कूद गए। दोनों ने युवक की जान बचाई । लेकिन जैसे ही वे बैराज से बाहर आ रहे थे, अचानक ही एसआई अमरपाल भंवर में फंसकर डूबने लगे। अमरपाल तेजी से बैराज के चैनल में फंसते चले गए। उसके बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उनके साथी उन्हें बृजलाल हॉस्पिटल ले गए। जहा चिकित्सकों ने एसआई अमरपाल को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर छा गई है और उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
