सेवा इंटरनेशनल ने केदारनाथ यात्रा पड़ाव के फाटा में चलाया स्वच्छता अभियान..
उत्तराखंड: सेवा इंटरनेशनल संस्था के तत्वावधान में केदारनाथ यात्रा पड़ाव के फाटा में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता रैली निकाली गई। इस दौरान स्वयं सेवियों ने कुल बीस बोरे कूड़ा कचरा एकत्रित किया। इस दौरान स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लिया गया। रविवार को राइंका फाटा के स्वयं सेवी एवं व्यापार संघ के सहयोग से संस्था के कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार फाटा से वन विभाग नर्सरी जामू तक स्वच्छता रैली निकालकर स्थानीय लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया।
रैली के साथ स्वयं सेवियों ने स्वच्छता अभियान भी चलाया, जिसमें बीस बोरे प्लास्टिक की बोतलें, चिप्स के रेपर समेत अन्य प्रकार का कूड़ा कचरा एकत्रित किया। संस्था के जिला समन्वयक मनोज बेंजवाल ने कहा कि पूरे देश में भारत को स्वच्छ रखने की मुहिम चल रही है।
कहा कि सभी को स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लेना चाहिए। ताकि पूरे देश में स्वच्छता बनी रही। इस अवसर पर प्रधनाचार्य केपी तिवारी, मनोज बेंजवाल, योगेन्द्र सेमवाल, लवीश राणा, जसपाल राणा समेत कई स्वयं सेवी उपस्थित थे। वहीं नेहरू युवा केन्द्र के तत्वावधान में तिलनी एवं शहीद स्मारक गुलाबराय में स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया।
जिसमें लगभग 100 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक कूड़ा एकत्रित किया गया। क्लीन इंडिया कार्यक्रम के अन्तर्गत ब्लाक अगस्त्यमुनि के तिलनी में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें तिलणी, लावडी, सुमेरपुर, रतूडा, कोठगी, सतेराखाल, ओडली समेत कई गांवों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपने जौहर दिखाया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी राहुल डबराल ने स्वच्छ भारत के तहत किए जा रहे कार्यों का स्मरण करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति सबको कार्य करना होगा और क्षेत्र के बढते प्लास्टिक तथा पॉलीथिन के प्रयोग को कम करना होगा। ताकि पर्यावरण को स्वच्छ रख कर हम स्वस्थ जीवन जी सके। इस दौरान कबड्डी प्रतियोगिता मे विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधान पूजा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्पेश्वरी देवी, दमयंती देवी, महिला मंगल सदस्य दीपा देवी, अभिलाषा पंवार, सुमित नेगी, राजेन्द्र कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।
इधर, जनता उमावि थाती दिगधार (बड़मा) में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान स्कूल में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। साथ ही प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेता प्रतिभावान छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाध्यापिका मीना झिंक्वाण ने गांधी जी के जीवन पर प्रकाश डाला और कहा कि हमें भी गांधी जी के चरित्र और विचारों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़कर देशहित के लिए काम करना चाहिए।
इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुधीर रौथाण व अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह रौथाण, एसएमसी अध्यक्ष भीमराज लाल आर्य, पूर्व प्रधान गुड्डू लाल, मनवर सिंह रौथाण, रघुवीर सिंह रावत, विनोद मैठाणी, बैशाख सिंह, भगवान सिंह रावत, कर्ण सिंह रौथाण, दर्मियान सिंह रावत सहित प्रबंध समिति के सदस्य व शिक्षकों के साथ क्षेत्रीय जनता ने प्रतिभाग किया।
कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, कई कार्यकर्ता BJP में शामिल..
उत्तराखंड: प्रदेश की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है। जहां बीजेपी लगातार अपना खेमा बढ़ा रही है। वहीं कांग्रेस को झटके पर झटके मिल रहे है। हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। अब एक विधायक के बेटा बेटी सहित कई कार्यकर्ताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। जिससे राजनीति में घमासान मच गया है। जानकारी के अनुसार भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक ममता राकेश के बेटे और बेटी ने बीजेपी का दामन थाम लिया है।
बताया जा रहा है कि भाजपा जिला कार्यालय पर बड़ी संख्या में जिपं, बीडीसी सदस्यों के अलावा ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में भगवानपुर से बीडीसी पद पर निर्वाचित कांग्रेस विधायक ममता राकेश की पुत्री आयुषि राकेश और पुत्र कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अभिषेक राकेश भी शामिल हैं। इन सबको बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र और सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई है।
समान नागरिक संहिता विशेषज्ञ समिति के सदस्यों ने सुने राज्य स्तरीय सुझाव..
उत्तराखंड: राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता विशेषज्ञ समिति के सदस्यों ने जनपद चमोली के गोपेश्वर मुख्यालय और जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में लोगों से मिलकर उनके सुझाव सुने। चमोली जनपद के मुख्यालय गोपेश्वर में जनसामान्य के साथ बैठक का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया। इस बैठक में महिलाओं व युवाओं ने एक समान कानून पर अपने विचार व्यक्त किये। पहाड़ के सम्बन्ध में उनकी इस कानून से अपेक्षायें भी विशेषज्ञ समिति के सामने रखी गयी। माननीय सदस्यों द्वारा समान नागरिक संहिता के विषय में अधिक से अधिक लोगों तक जागरूक करने के लिए भी लोगों से अपील की। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, महिलाओं व आम जन उपस्थित रहे। माननीय सदस्य श्री शत्रुघ्न सिंह, श्री मनु गौड़ व डॉ सुरेखा डंगवाल ने अमूल्य सुझावों हेतु उपस्थित जनों को धन्यवाद किया।
जनपद रूद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में विशेषज्ञ समिति के सदस्यों ने क्षेत्र भ्रमण कर लोगों को समान नागरिक संहिता के बारे में जानकारी दी। अगस्त्यमुनि महाविद्यालय के परिसर में लोगों के सुझाव प्राप्त करते हुए यह आशा व्यक्त की गयी कि अधिक से अधिक सुझाव समान नागरिक संहिता बनाने में महत्तवपूर्ण योगदान देंगे। युवाओं द्वारा विवाह, तलाक जैसे सामाजिक मुद्दों पर समिति के सदस्यों से चर्चा की गयी, बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं, शिक्षकों, युवाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। माननीय सदस्य श्री शत्रुघ्न सिंह, श्री मनु गौड़ व डॉ सुरेखा डंगवाल के द्वारा जानकारी दी गयी कि क्षेत्र भ्रमण कर राज्य के समस्त क्षेत्रों से प्राप्त होने वाले सुझाव, उन्हें रिपोर्ट तैयार करने में मद्दगार होंगे।
राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता विशेषज्ञ समिति के सदस्यों द्वारा नागरिकों का पक्ष सुनने के लिए क्षेत्र में भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को समान नागरिक संहिता की जानकारी देकर उनके सुझाव प्राप्त करना है। विशेषतौर से महिलाओं व युवाओं को इसके बारे में बताते हुए विवाह, संरक्षण, तलाक, गोद लेना, सम्पत्ति का अधिकार, आदि पर सुझाव प्राप्त कर तैयार की जाने वाली रिपोर्ट में शामिल करना है।
जानिए ओटीटी पर कब और कहां देख सकेंगे ‘रक्षा बंधन’..
देश-विदेश: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की इस साल तीन फिल्मों ‘बच्चन पांडे’, ‘सम्राट पृथ्वीराज’ और ‘रक्षा बंधन’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। वहीं, अब भाई-बहन के प्यार को दर्शाती ‘रक्षा बंधन’ के डिजिटल प्रीमियर की घोषणा हो गई है। हिमांशु शर्मा और कनिका ढिल्लों द्वारा लिखित और आनंद एल राय द्वारा निर्देशित ‘रक्षा बंधन’ में अक्षय कुमार के अलावा भूमि पेडनेकर, सादिया खतीब, दीपिका खन्ना, स्मृति श्रीकांत और सहजमीन कौर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं।
आपको बता दे कि जी स्टूडियोज, केप ऑफ गुड फिल्म्स और कलर येलो प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित रक्षा बंधन में पांच भाई-बहनों की कहानी दिखाई गई है। यह कहानी लाला केदारनाथ के जीवन को दिखाती है, जो 4 बहनों का सबसे बड़ा और इकलौते भाई हैं। भाई ने अपनी मां को वादा किया है कि वह पहले अपनी बहनों की शादी कराएगा और बाद में अपने बारे में सोचेगा। बहनों के प्रति लाला की जिम्मेदारी, उसकी और सपना की प्रेम कहानी के लिए एक बड़ी बाधा के रूप में खड़ी हो जाती है।
इस दिन होगा डिजिटल प्रीमियर
रक्षा बंधन’ एक ऐसी कहानी है जो पारिवारिक मूल्यों, एकजुटता, प्रेम और बलिदान का जश्न मनाती है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह एक ऐसी कहानी है जो सबसे कीमती और अनोखे प्रकार के पारिवारिक बंधन का जश्न मनाती है और वह एक भाई और उसकी बहनों के बीच। यह फिल्म भाई-बहन के इस मार्मिक बंधन की कहानी पर है जो आकर्षक और शक्तिशाली दहेज विरोधी भावनाओं के साथ एक सामाजिक टिप्पणी में बदल जाती है। और अब जी5 पर वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर के साथ, यह फिल्म 190 से ज्यादा देशों के दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। 5 अक्टूबर को इस दिल को छू लेने वाली कहानी का प्रीमियर होने जा रहा है।
फिल्म को लेकर अक्षय कुमार ने कहा, ‘एक अभिनेता और निर्माता के रूप में, मैं उन कहानियों का समर्थन करने में विश्वास करता हूं जो हमारे मूल मूल्यों में समाहित हैं। रक्षा बंधन एक महत्वपूर्ण पारिवारिक फिल्म है जो एकता और एकता की भावनाओं को जगाएगी और जो परिवारों को हंसाने, रोने और सोचने पर मजबूर करेगी। मुझे खुशी है कि डिजिटल प्रीमियर से फिल्म को दुनिया भर में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।’ आनंद एल राय ने भी फिल्म के वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर को लेकर खुशी जाहिर की और कहा, ‘यह फिल्म निश्चित रूप से लोगों का उत्साह बढ़ाएगी और उन्हें करीब लाएगी।’
नए धमाके के साथ आज होगा ‘बिग बॉस 16’ का आगाज..
देश-विदेश: टेलीविजन का चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस लंबे समय से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। शो के 15 सीजन बीत चुके हैं, लेकिन फिर भी फैंस हर साल बेताबी से इसके नए सीजन का इंतजार करते रहते हैं। इसी क्रम में इस साल होने वाले इस शो के लिए दर्शकों का इंतजार आज खत्म होने वाला है। शो का 16वां सीजन आज रात से शुरू होने जा रहा है।
आपको बता दे कि बिग बॉस 16 आज से अपने नए सीजन के साथ टीवी पर वापसी कर रहा है। कलर्स चैनल पर इस शो का आज यानी 1 अक्टूबर को सलमान खान के साथ प्रीमियर होने जा रहा है। इसके बाद अगले 3 महीने तक यह शो दर्शकों का मनोरंजन करने वाला है। शो का हर सीजन किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहता है। ऐसे में यह नया सीजन क्या धमाल करता है यह देखना दिलचस्प होगा। बिग बॉस के बीते सीजन्स से अलग शो के इस सीजन में दर्शकों को कई ट्विस्ट एंड टर्न्स देखने को मिलने वाले हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए शो के प्रोमो वीडियो को देख यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि शो का यह सीजन काफी धमाकेदार होने वाला है। जैसाकि शो के प्रोमो में बताया गया है कि इस बार खुद बिग बॉस इस खेल में शामिल होने वाले हैं। ऐसे में शो में काफी कुछ नया देखने को मिलने वाला है। खबरों की माने तो बिग बॉस 16 में कोई नियम नहीं होगा। शो के इस नए कॉन्सेप्ट के बारे में जान कर अब हर कोई काफी उत्साहित है।
दर्शक बिग बॉस 16 को रोजाना सोमवार से शुक्रवार रात 10 बजे कलर्स टीवी पर देख सकते हैं। जबकि वीकएंड यानी शनिवार और रविवार भी शो रात 9.30 बजे से प्रसारित होगा। इसके अलावा शो को हर हफ्ते के 5 दिन रात 9.30 बजे और वीकएंड पर 9 बजे ओटीटी प्लेटफॉर्म वूट ऐप पर भी देख सकते हैं। वहीं, शो में इस सीजन नजर आने वाले कंटेस्टेंट्स की बात करें तो अब्दु रॉजिक, सुंबुल तौकीर खान, निम्रिन कौर, गौतम विज जैसे कलाकार बिग बॉस के घर में कैद होने वाले हैं।
भारत में एक महीने में दूसरी बार बंद हुआ पाकिस्तान सरकार का अकाउंट..
देश-विदेश: भारत में पाकिस्तान सरकार के ट्विटर अकाउंट को एक बार फिर से बंद कर दिया गया है। इसका मतलब यह हुआ कि अब भारत में पाकिस्तान सरकार का ट्विटर अकाउंट नहीं खुलेगा। जानकारी के अनुसार भारत सरकार की कानूनी मांग के बाद ट्विटर इंडिया ने यह कदम उठाया है। इससे पहले सात सितंबर को भी पाकिस्तान सरकार के ट्विटर अकाउंट पर रोक लगा दी गई थी। बता दें कि पाकिस्तान सरकार का ट्विटर हैंडल @GovtofPakistan नाम से है। फिलहाल इस पर भारत में रोक लगा दी गई है। मतलब इस पर लिखी जा रही चीजें फिलहाल भारत में नहीं देखी जा सकतीं।
कानूनी मांग के बाद लिया जाता है एक्शन..
आपको बता दें कि भारत, अमेरिका समेत कई देशों में ऐसे कानून हैं जो ट्वीट्स या ट्विटर अकाउंट की सामग्री पर लागू हो सकते हैं। अगर ट्विटर को किसी देश या संस्थान से कानूनी अनुरोध प्राप्त होता है, तो समय-समय पर किसी विशेष देश में कुछ सामग्री तक पहुंच को रोक दिया जाता है। इससे पहले भी पाकिस्तान के कुछ ट्विटर हैंडल को भारत में ब्लॉक किया गया है। जिसके बाद पाकिस्तान ने नाराजगी जताई थी।। पाकिस्तानी सरकार ने इसका विरोध भी किया था।
तिनका-तिनका इंडिया अवॉर्ड के लिए आवेदन शुरू..
जेल बंदियों और अधिकारियों को मिलेंगे पुरस्कार..
देश-विदेश: तिनका-तिनका फाउंडेशन ने साल 2022 के लिए आवेदन प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। इसके तहत प्रतियोगिता जीतने वाले कैदियों और जेल कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जारी किए जाएंगे। तिनका तिनका फाउंडेशन बंदियों और प्रशासकों के लिए इन राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा हर साल करता है। इनका लक्ष्य कारागारवासियों को अपनी रचनात्मकता को निखारने और जेल सुधार के लिए प्रोत्साहित करना है। आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 30 अक्तूबर 2022 है।
पुरस्कार श्रेणियां
तिनका तिनका इंडिया अवॉर्ड: पेंटिंग: संबंधित विषय पर पेंटिंग/ स्केच के लिए
तिनका तिनका इंडिया अवॉर्ड: विशेष उल्लेख (पुरुष): उन पुरुषों/ ट्रांसजेंडर के लिए जिन्होंने जेल जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
तिनका तिनका बंदिनी अवॉर्ड: विशेष उल्लेख (बंदिनी): उन महिलाओं के लिए जिन्होंने जेल-जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
तिनका तिनका इंडिया अवॉर्ड: उत्कृष्ट जेल सेवा: उन जेल अधिकारियों के लिए जिन्होने बंदियों के जीवन में जेल सुधार के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने में अपने निर्धारित दायित्वों से अधिक योगदान दिया है।
पुरस्कार मानदंड
तस्वीर/ चित्र/स्केच A4 आकार की शीट पर हों। उन पर प्रतिभागी का नाम जरूर लिखा हो (प्रति बंदी पर अधिकतम पांच प्रविष्टियां)
विशेष उल्लेख वर्ग में बंदियों का नामांकन संबंधित बंदी के द्वारा अन्य बंदियों के कल्याण के लिए या जेल व्यवस्था के लिए किए गए विशेष योगदान हेतु किया जा सकता है।
आवेदकों के काम का विवरण अधिकतम 200 शब्दों में होना चाहिए
जेल अधिकारी अपने प्रोफाइल के साथ उनके द्वारा जेल सुधारों, खासतौर से दिए गए थीम से संबंधित उल्लेखनीय योगदान को, यहां दिए लिंक पर गूगल फॉर्म में भरकर भेजें- https://tinkatinka.org/ttia-2022/
जेल अधिकारियों के लिए कम से कम 10 साल का जेल सेवा का अनुभव होना अनिवार्य है।
आवेदन कैसे करें: वेबसाइट पर दिए गए Google Form के जरिए
विधिवत भरा हुआ फॉर्म प्रविष्टि के साथ इस लिंक पर भेजें https://tinkatinka.org/ttia-2022/
जरूरी अटैचमेंट भी इसी लिंक पर गूगल फॉर्म के साथ लगाएं
विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेता कानूनगो रंगेहाथ गिरफ्तार..
उत्तराखंड: प्रदेश में धामी सरकार जीरो टोलरेंस की बाते कर रही है। इसी कड़ी में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस टीम ने अल्मोड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि टीम ने आज अल्मोड़ा तहसील के सल्ट में तैनात रजिस्ट्रार कानूनगो को रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आपको बता दे कि बुधवार को विजिलेंस की टीम ने अपर पुलिस अधीक्षक विजिलेंस प्रहलाद मीणा के निर्देश पर अल्मोड़ा जनपद की सल्ट तहसील में छापेमारी की है।
बताया जा रहा है कि इस दौरान टीम ने तहसील के एक रजिस्ट्रार कानूनगो को 10 हज़ार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा है । रिपोर्टस की माने तो विजिलेंस की टीम हिरासत में लिए गए आरोपी रजिस्ट्रार कानूनगो को आपने साथ हल्द्वानी ले जाने की तैयारी कर रही है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि ये कानूनगो के रिश्वत लेने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी विजिलेंस ने हल्द्वानी में रजिस्टार कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
पौड़ी गढ़वाल के लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान बने देश के दूसरे सीडीएस..
उत्तराखंड: देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ(सीडीएस) बनने का गौरव एक बार फिर उत्तराखंड के सपूत को प्राप्त हुआ। पौड़ी जिले के मूल निवासी लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान देश के दूसरे सीडीएस बने हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इससे पहले उत्तराखंड के ही जनरल विपिन रावत देश के पहले सीडीएस बने थे।
इसी साल हेलीकॉप्टर हादसे में उनका निधन हो गया था। सीएम धामी ने ट्वीटर पर पोस्ट करते हुए लिखा ‘उत्तराखंड के सपूत को सीडीएस नियुक्त होने से हर उत्तराखंडी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व में भारतीय सेना सदैव की भांति राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगी’।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने भी लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को सीडीएस की जिम्मेदारी दिए जाने पर शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी लेफ्टिनेंट जनरल चौहान को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वह देश के दूसरे सीडीएस बनें। यह संयोग हैं कि जनरल विपिन रावत पहले सीडीएस बनें। वह भी इलेवन गोरखा राइफल से थे और लेफ्टिनेंट जनरल अनिल जनरल भी इलेवन गोरखा राइफल से हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया कि उन्होंने उत्तराखंड को यह सौभाग्य दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने भी लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को सीडीएस बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत ने भी लेफ्टिनेंट जनरल चौहान को बधाई दी।
भारत में आतंकी हमलों का खतरा, एडवाइजरी से भड़के कनाडा ने अपने नागरिकों को दी सलाह..
देश-विदेश: कनाडा ने भारत जाने वाले अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सीमांत राज्यों जैसे पंजाब, राजस्थान और गुजरात में न जाएं। कनाडा सरकार का कहना है कि इन इलाकों में भूमिगत विस्फोटकों और सुरक्षा का खतरा है। कनाडा ने अपने नागरिकों के लिए जारी एडवाइजरी में कहा, ‘पाकिस्तान की सीमा से 10 किलोमीटर की दूरी तक के इलाकों मे न जाएं। गुजरात, राजस्थान और पंजाब के इन इलाकों में लैंडमाइंस और विस्फोटक का खतरा है। यहां सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा हो सकता है।’ कनाडा की यह एडवाइजरी चौंकाने वाली है।
ऐसे में माना जा रहा है कि कनाडा में हेट क्राइम की आशंका को लेकर भारतीयों के लिए सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के जवाब में यह कदम उठाया गया है। इसलिए कनाडा सरकार के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। कनाडा सरकार ने 27 सितंबर को अपनी वेबसाइट पर जारी की गई एडवाइजरी में कहा है कि वे भारत दौरे के वक्त पूरे देश में ही सावधानी से यात्रा करें। कनाडा ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि भारत के हर इलाके में आतंकवादी हमलों का खतरा है। हालांकि लद्दाख को इससे बाहर रखा गया है।
कनाडा ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे मणिपुर और असम जैसे पूर्वोत्तर के राज्यों में जरूरी न हो तो न जाएं। कनाडा ने कहा कि इन दोनों राज्यों में आतंकवाद और विद्रोहियों के हमलों का खतरा है। दरअसल 23 सितंबर को ही भारत सरकार ने एडवाइजरी जारी करके कनाडा में रह रहे अपने नागरिकों और छात्रों को सलाह दी थी कि वे हेट क्राइम और भारत विरोधी गतिविधियों को देखते हुए सावधान रहें। माना जा रहा है कि कनाडा को यह एडवाइजरी नागवार गुजरी है और उसके जवाब में ही उसने यह आदेश जारी किया है।