सिडकुल में बीच सड़क पर मिला दो साल की बच्ची का शव..
उत्तराखंड: हरिद्वार में सिडकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दो साल की बच्ची का शव मिलने की खबर से पुलिस में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, हजारा गांव जाने वाले रास्ते पर बच्ची का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल का कहना हैं कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं बच्ची का पिता फरार बताया जा रहा है।
रोडवेज बसाेंं में अब QR कोड से मिलेगी टिकट..
गूगल-पे सहित ई-वॉलेट से कर सकेंगे पेमेंट..
उत्तराखंड: उत्तराखंड रोडवेज की बसों में कैशलेस टिकट भुगतान की व्यवस्था लागू हो गई है। अब यात्री अपने मोबाइल फोन पर उपलब्ध गूगल पे, फोन पे, भीम यूपीआई जैसे ई-वॉलेट के माध्यम से भी टिकट का भुगतान कर पाएंगे। टिकट मशीन से क्यूआर कोड स्कैन करके टिकट का भुगतान कर सकेंगे। एंड्रॉइड ई-टिकट मशीनें आने के बाद परिवहन निगम ने अब सभी डिपो की बसों में नई सुविधा शुरू कर दी है।
इससे खुले पैसे रखने सहित कई प्रकार की समस्याओं का समाधान भी होगा। हल्द्वानी डिपो के एआरएम एसएस बिष्ट का कहना हैं कि मुख्यालय से क्यूआर कोड टिकट भुगतान की व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी हो गया है। रविवार से सभी टिकट मशीनों में नया फीचर अपडेट हो गया है। कैशलेस भुगतान करने के लिए यात्री अब परिचालक से क्यूआर कोड से भुगतान का विकल्प मांग सकते हैं।
एसडीएम सदर-पार्टी नेता के बीच गहराया विवाद..
उत्तराखंड: तहसील पौड़ी में युवा कांग्रेस नेता व एसडीएम सदर के बीच का विवाद राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख, पूर्व सीएम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित अनेक नेताओं ने एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाकपा माले के गढ़वाल सचिव ने भी एसडीएम के व्यवहार को आपत्तिजनक बताया है। वहीं भाजपा एसडीएम के बचाव में उतर गई है। सोमवार को पौड़ी युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता नितिन बिष्ट के खिलाफ पौड़ी प्रशासन की ओर से की गई करवाई के विरोध में गांधी पार्क में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। तहसील पौड़ी परिसर में बीते शनिवार देरशाम अग्निवीर भर्ती को लेकर प्रमाणपत्र बनवाए जाने के संबंध में विवाद हो गया था।
कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख वैभव वालिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर एसडीएम सदर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि अग्निवीर भर्ती में प्रमाणपत्र को लेकर परेशान युवाओं की समस्या उठाने पर युवा नितिन बिष्ट पर मुकदमा दर्ज करना गलत है।
एसडीएम सदर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की.
कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया पर विवाद का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। युवा कांग्रेस के साथी ने एसडीएम को प्रमाणपत्र, युवाओं की भोजन की व्यवस्था के लिए पूछा, तो एसडीएम ने अभद्रता की।
युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता, प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रंजीत रावत ने एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाकपा माले के गढ़वाल सचिव इंद्रेश मैखुरी ने एसडीएम सदर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की।
मसूरी घूमने आया था भारतीय सेना का जवान,सड़क हादसे में हुई मौत..
उत्तराखंड: प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन कही न कही ने सड़क हादसे की खबर सामने आ ही रही हैं आज भी ऐसे ही दर्दनाक हादसे की खबर मसूरी से सामने आ रही है। जहां हंसी- खुशी एक जवान मसूरी घूमने आया था लेकिन वह दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि बीती देर रात मसूरी देहरादून रोड पर भट्टा गांव के पास चोपड़ा सार के नजदीक सेना के एक जवान की बुलेट गहरी खाई में गिर गयी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार आर्मी में कार्यरत युवक मसूरी घूमने के लिए आया था। बताया जा रहा है कि बाइक सवार सेना का जवान बीती देर शाम को मसूरी से देहरादून की ओर जा रहा था। तभी अचानक उसकी बुलेट फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। सिर पर गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जवान को 108 की मदद से हॉस्पिटल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं पुलिस ने जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। मृतक की शिनाख्त जवान हरदीप सिंह (26) पुत्र रायसिंह निवासी हाउस नंबर 222 अंबाला पंजाब के रूप में हुई हैं। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।
तीन दिवसीय ब्लाॅक स्तरीय निवेश शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन..
रुद्रप्रयाग। नेहरू युवा केन्द्र रुद्रप्रयाग की ओर से तीन दिवसीय ब्लाॅक स्तरीय निवेश शिक्षण जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला युवा अधिकारी राहुल डबराल ने सभी युवाओं को निवेश एवं जीवन में निवेश की आवश्यकता के बारे में बताया। उन्हें एफडी, आरडी, पीपीएफ, म्यूचुअल फंड की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्हंे निवेश करने के फायदों के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी जो भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए हैं, वह सब एक जागरूक निवेशक बनकर अपने परिवार जन को भी इस विषय पर जागरूक करें। कार्यक्रम में निवेश से संबंधित गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों की ओर से चार्ट पेपर के माध्यम से अपने विचारों को व्यक्त किया गया। इसके साथ ही प्रतिभागी किस प्रकार आॅनलाइन माध्यम से नेहरू युवा केन्द्र एवं उसके कार्यक्रमों की जानकारी फेसबुक, ट्विटर के माध्यम से पा सकते हैं, उसके लिए उन्हें विभाग के फेसबुक एवं ट्विटर हैंडल भी साझा किये गए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने योग के महत्व को भी साझा किया और विभिन्न योगासनों को करवाया। कार्यक्रम का संचालन विजय वशिष्ठ ने किया।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के सीनियर एसोसिएट दीप राम गोस्वामी ने प्रतिभागियों को बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।
जैसे जीवन ज्योति बीमा योजना जिसके अन्तंर्गत लाभार्थी को मात्र 12 रूपए प्रति वर्ष के भुगतान से दो लाख का बीमा प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही बालिकाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में भी बताया, जिसमें निवेश कर बालिकाओं की पढ़ाई से लेकर शादी तक के खर्चे के पैंसे जोड़ सकते हैं।
कार्यक्रम में लेखा एवं कार्यक्रम सहायक कविता जुगरान, जिला परियोजना अधिकारी अभिलाषा पंवार, आईटी ट्रेनर आशा नेगी, जिला क्रिकेट कोच प्रशांत बिष्ट, स्वयं सेवक सुमित नेगी, विजयपाल, मयंक रावत, राजेन्द्र कुमार, तनुज, युवा मंड़ल के अंकित, अक्षय एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।
गंगा की स्वच्छता बनाये रखने के लिए प्लास्टिक का कम करें उपयोग: डबराल..
दो दिवसीय पंचायत स्तरीय गंगा दूत प्रशिक्षण कार्यक्रम संपंन
रुद्रप्रयाग। नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में नमामि गंगे कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता परियोजना के अन्तर्गत दो दिवसीय पंचायत स्तरीय गंगा दूत प्रशिक्षण कार्यक्रम संपंन हो गया है। समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी राहुल डबराल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा दूतों को परियोजना के उद्देश्यों, महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बारे में जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान करना तथा उन्हें स्वेच्छा से उनके संबंधित गांवों में परियोजना से संबंधित गतिविधियों एवं शैक्षिक गतिविधियों को करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के सत्र में जिला युवा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। रुद्रप्रयाग क्रिकेट एसोसिएशन के जिला क्रिकेट कोच प्रशांत बिष्ट ने सभी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे वह दैनिक जीवन में खुद को स्वस्थ एवं स्वच्छ रखते हैं। वैसे ही वह गंगा की स्वच्छता को भी बनाए रखें। इस दौरान प्रतिभागियों के मध्य स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने गंगा नदी पर अपने विचारों को व्यक्त किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक विजयपाल ने प्रतिभागियों के मध्य योग भी करवाया
। पर्यावरणविद् देव राघवेन्द्र सिंह चैधरी उर्फ बद्री ने बच्चों के मध्य संवाद किया। उन्होंने कहा कि हमारा जीवन पर्यावरण के बिना संभंव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे मध्य तीन मुख्य समस्या है। पहला ग्लोबल वार्मिंग, द्वितीय जलवायु परिवर्तन, तृतीय मृदा कटान। उन्होंने कहा कि आप बहुत सौभाग्यशाली है कि आप उतराखण्ड के निवासी हैं और आपका दायित्व है कि आप नदियों को स्वच्छ रखें। उन्होने यह भी बताया कि उत्तराखण्ड में पौधांे की 905 प्रजातियां पाई जाती हैं तथा भारत सरकार ने एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक को बैन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नदियों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए धरातल पर कार्य करने की जरूरत है।
कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना अधिकारी अभिलाषा पंवार ने सभी प्रतिभागियों को गंगा को स्वच्छ रखने के साथ ही यह जानकारी समाज के सभी वर्गोे तक पहंुचाने की अपील की। इस मौके पर लेखालिपिक एवं कार्यक्रम सहायक कविता जुगरान, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विजयपाल, सुमित नेगी, राजेन्द्र कुमार, मयंक, यूथ क्लब अध्यक्ष अंकित उछोली, अक्षय कुमार आदि मौजूद थे।
देहरादून सहित इन 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट..
उत्तराखंड: प्रदेश में मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के देहरादून सहित चार जिलों में अगले चौबीस घंटे के भीतर कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है। जिसके चलते नदियों, नालों के किनारे बसे लोगों के साथ ही भूस्खलन संभावित इलाकों में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
इस संबंध में राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। रिपोर्टस की माने तो शुक्रवार सुबह से राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में मौसम खराब बना रहा। हालांकि बाद में धूप खिल आई। अगले चौबीस घंटे में देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश की संभावना है।
भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली गिरने के साथ ही गरज के साथ तेज बौछार की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से 102 मार्ग जगह-जगह बाधित हो गए हैं।
दिव्यांग व्यक्ति 30 सितम्बर तक कृत्रिम अंग करें प्राप्त..
वयोश्री योजना का लाभ जनपद के पात्र वृद्ध व दिव्यांगजनों को दिलाए जाने के लिए विकासखंड स्तर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर आयोजित किए गए थे। इसके बाद चिन्हित पात्र लाभार्थियों को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में कृत्रिम अंग वितरित किए गए, लेकिन कतिपय वृद्धजन, दिव्यांग व्यक्ति कृत्रिम अंग प्राप्त करने के लिए उपस्थित नहीं हो पाए। ऐसे पात्र लाभार्थी 30 सितंबर तक कृत्रिम अंग प्राप्त कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा ने जानकारी देते हुए अवगत कराया कि भारत सरकार की वयोश्री योजना के तहत जनपद के पात्र वृद्ध व दिव्यांगजन व्यक्तियों को नित्य जीवन सहायक कृत्रिम उपकरण उपलब्ध कराए जाने के लिए विकासखंड जखोली में बीते वर्ष 16 नवंबर, अगस्त्यमुनि में 17 तथा विकास खंड ऊखीमठ में 18 नवंबर को स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए थे। इसके बाद चिन्हित पात्र लाभार्थियों को 26 मई 2022 को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में उपकरण वितरण शिविर में आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग (समायोजक छड़ी, एल्वो बैसाखी, बैसाखी, टेट्रापोड, ट्राईपोड, फोल्डिंग वाकर, नजर का चश्मा, कान की मशीन, व्हील चेयर, कृत्रिम दोत आदि ) वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि उक्त शिविर में कतिपय वृद्ध व दिव्यांगजन उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने ऐसे चिन्हित पात्र लाभार्थियों को खंड विकास अधिकारी कार्यालय अगस्त्यमुनि से 30 सितंबर तक किसी भी कार्य दिवस में रसीद व आधार कार्ड के साथ कृत्रिम अंग प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही कहा कि उक्त निर्धारित तिथि तक कृत्रिम अंग प्राप्त नहीं करने पर ऐसा मान लिया जाएगा कि उन्हें कृत्रिम अंग की आवश्यकता नहीं है तथा उक्त कृत्रिम अंग को किसी अन्य पात्र लाभार्थी को दिया जाएगा।
बताया कि चिन्हित पात्र लाभार्थियों को कान की मशीन स्थाई पते पर पंजीकृत डाक के माध्यम से प्रेषित की जा रही है। कृत्रिम अंग प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 7895852130 व 9557949276 पर संपर्क किया जा सकता है।
रेलवे ट्रैक पर संगीत सुन रहा था युवक, ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत..
उत्तराखंड: इयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर संगीत सुन रहा युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना अजबपुर रेलवे फाटक के पास की है। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी मुकेश त्यागी का कहना हैं कि बुधवार को एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो युवक वहां पर लहूलुहान हालत में पड़ा था।
युवक की पहचान मजर (22) निवासी मच्छी बाजार, नजीबाबाद, जिला बिजनौर के रूप में हुई। पता चला कि वह अपने परिचित के साथ अजबपुर क्षेत्र में आया था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना हैं कि युवक ने इयरफोन लगाए हुए थे। यही कारण रहा कि वह ट्रेन की आवाज को नहीं सुन पाया। मजर रायपुर क्षेत्र के भगत सिंह कॉलोनी में रहता था। यहां वह सेटरिंग का काम करता था।
उत्तराखंड में हुई भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग..
उत्तराखंड: प्रदेश में उत्तराखंड क्रांति दल ने अब तक हुई भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग की है। दल ने सख्त नकल विरोधी कानून बनाने की भी मांग प्रमुखता से उठाई। रुद्रप्रयाग मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल के युवा नेता मोहित डिमरी ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता से ही घोटाले हुए हैं। इसमें बड़े-बड़े मगरमच्छ पकड़ से बाहर हैं।
अभी सिर्फ छोटी-छोटी मछलियां ही पकड़ में आई हैं। इस खेल के पीछे बड़े अधिकारी और सफेदपोश शामिल हैं। जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह के तार जिन बड़े लोगों से जुड़े हैं, उनका पर्दाफाश जरूरी है। हाकम सिंह सिर्फ प्यादा है, इसके पीछे कई और मास्टरमाइंड हैं। पूर्व में भी भर्ती घोटालों की जांच हुई, लेकिन किसी को भी आज तक सजा नहीं हुई। युवा नेता मोहित डिमरी ने इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने इसी वर्ष भर्ती परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए नकल विरोधी कानून बनाया है। इसी तरह का कानून उत्तराखंड सरकार को भी बनाना चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की है कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जिन आठ भर्ती परीक्षाओ पर रोक लगा दी है, उनकी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाय। उन्होंने कहा कि परीक्षा और नियमों में बदलाव की भी जरूरत है। ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाय। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकारी अध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगाई ने कहा कि उत्तराखंड बनने के बाद से अब तक हुई कोई भी भर्ती परीक्षा विवादों से नहीं बच पाई है। हर भर्ती परीक्षा में न सिर्फ घपले सामने आए, बल्कि इन घपलों के कारण भर्ती लटकने के साथ कई बार निरस्त भी हो गईं।
भर्ती परीक्षाओं में लगातार घपलों से राज्य का युवा खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है। उत्तराखंड में परीक्षाओं की विश्वसनीयता सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आउटसोर्सिंग एजेंसी को खत्म कर विभागीय नियुक्ति दी जाय।
यूकेडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत चौहान ने कहा कि आज सिर्फ उन्हें नौकरियां मिल रही हैं, जिनकी पहुँच है। एक योग्य आदमी को नौकरी मिलना बहुत मुश्किल हो गया है। राज्य बनने के बाद पटवारी भर्ती, दरोगा भर्ती, ऊर्जा निगम, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, दरोगा रैंकर्स, फार्मासिस्ट, कॉपरेटिव बैंक, वन आरक्षी सहित अन्य कई पदों पर भर्ती घोटाले हुए हैं।
इन मामलों की जांच ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। ऐसे में सरकार की मंशा भी सवालों के घेरे में है। यूकेडी के पूर्व युवा जिलाध्यक्ष दिनेश बर्तवाल और नगर अध्यक्ष बिपिन पंवार ने कहा कि जब तक उत्तराखंड के युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, यूकेडी चैन से नहीं बैठेगी। लाखों की संख्या में बेरोजगार धक्के खा रहे हैं। उनके भविष्य के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है।
