पूर्व सीएम हरीश रावत का भाजपा पर जोरदार हमला..
उत्तराखंड: पूर्व सीएम हरीश रावत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की साजिश कर रही है। हमारे कार्यकर्ताओं को प्रलोभन देकर या गलत तरीके से दबाव बना भाजपा में शामिल कराया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेसियों से एकजुट रहने की अपील की। पूर्व सीएम रविवार शाम काशीपुर पहुंचे। हरीश रावत का कहना हैं कि वर्तमान में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो भाजपा की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठा रही है। इसके चलते भाजपा, कांग्रेस पर लगातार प्रहार कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस की लीडरशिप को तोड़ना चाहती है। इसके लिए अनुचित तरीके भी अपनाये जा रहे हैं। हालांकि, एक सवाल के जवाब में उन्होंने कांग्रेस के भविष्य को लेकर उम्मीद जताई। रावत ने कहा कि जब भाजपा का ग्राफ गिरने लगेगा, तब लोग फिर कांग्रेस की ओर लौटेंगे। श्रीलंका के मौजूदा हालात का उदाहरण देते हुए रावत ने कहा कि वर्ष 2024 में भी यह स्थिति आ सकती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट रहना होगा।
उत्तराखंड के मेडिकल कालेज लेंगे एक-एक गांव गोद..
टेलीमेडिसिन और एयर एंबुलेंस का होगा विस्तार..
उत्तराखंड: एम्स ऋषिकेश समेत सभी राजकीय मेडिकल कालेज एक-एक गांव को गोद लेंगे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का कहना है कि प्रदेश में एयर एंबुलेंस और टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। उत्तराखंड को टीबी मुक्त करने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। जिसमें सरकारी व निजी मेडिकल कालेजों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को शामिल किया जाएगा।
शुक्रवार को दून मेडिकल कालेज में स्वास्थ्य मंत्री ने सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों के प्रबंधन और प्राचार्यों के साथ बैठक की। राज्य को वर्ष 2024 तक टीबी मुक्त करने के लिए कई निर्णय लिए गए। स्वास्थ्य मंत्री का कहना हैं कि एनएचएम मिशन निदेशक की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। जिसमें सूबे के निजी व राजकीय मेडिकल कॉलेजों के एक-एक विशेषज्ञ चिकित्सक को शामिल किया जाएगा।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए एम्स ऋषिकेश समेत प्रदेश के सभी निजी मेडिकल कॉलेज एक-एक जनपद गोद लेकर कार्य करेंगे। इसके साथ ही राज्य में कैंसर की जांच व उपचार के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सचिव स्वास्थ्य की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर सभी मेडिकल कॉलेजों के एक-एक कैंसर विशेषज्ञों को बतौर सदस्य नामित किया जाएगा।
जिससे गंभीर रोगियों की पहचान कर उन्हें समय पर उच्च संस्थानों में पहुंचाया जा सके। जिला चिकित्सालयों को सभी सुविधाओं व चिकित्सा उपकरणों से लैस किया जाएगा। इससे 95 फीसदी मरीजों का उपचार जिला स्तर पर हो सकेगा। डॉक्टरों की तैनाती के साथ ही पैरामेडिकल स्टॉफ व वार्ड ब्वॉय को एम्स ऋषिकेश और मेडिकल कॉलेजों में प्रशिक्षिण देने की योजना बनाई जा रही है।
कांवड़ियों के लिए हरिद्वार से दिल्ली तक बनेगा ग्रीन कॉरिडोर..
उत्तराखंड: कांवड़ यात्रा के लिए इस बार हरिद्वार से दिल्ली तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है। बता दे कि इस योजना तहत हाईवे में एक साइड से डाक कांवड़ गुरजेगी तो वहीं दूसरी साइड पर सामान्य यातायात चलता रहेगा। जबकि, इससे पहले डाक कांवड़ के दौरान हाइवे पर यातायात बंद कर दिया जाता था। उत्तराखंड और यूपी पुलिस ने संयुक्त रूप से इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी की है। डाक कांवड़ के दौरान हाईवे पर पूरी तरह से डाक कांवड़ियों का कब्जा हो जाता था। ऐसे में सामान्य यातायात पूरी तरह से ठप हो जाता था।
इस व्यवस्था के तहत कांवड़ियों के लिए पहले ही मार्ग को खाली करा दिया जाएगा। केवल एक ओर कांवड़िए ही दिखाई देंगे। डीआईजी-एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत का कहना हैं कि हरिद्वार से इस दफा डाक कांवड़ हाईवे पर एक साइड से रवाना होगाी। दूसरी साइड पर जिले का सामान्य यातायात संचालित होगा। यह व्यवस्था दिल्ली तक की जा रही है।
डीआईजी का कहना हैं कि यूपी पुलिस ने भी इस पर अपनी सहमति दे दी है। वे भी हाईवे पर एक तरफ कांवड़ यात्रा का संचालन करेंगे और दूसरी तरफ सामान्य यातायात चलता रहेगा। डीआईजी की मानें तो यह व्यव्स्था पहली बार लागू की जा रही है, क्येांकि हाईवे अब पूरी तरह से तैयार है। 20 और 21 जुलाई से बड़े वाहन लेकर आने वाले डाक कांवड़यिों की रवानगी शुरू हो जाती है। ऐसे में यह व्यवस्था 20 जुलाई से लागू की जा सकती है।
पूर्व शिक्षक नेता दरमोड़ा का निधन, शिक्षकों में शोक की लहर..
रुद्रप्रयाग। प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष एवं सेवानिवृत प्रधानाध्यापक देवेन्द्र प्रसाद दरमोड़ा के निधन पर तमाम कर्मचारी संगठनों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियो ने शोक संवेदना व्यक्त की। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कोलू से सेवानिवृत हुए प्रधानाध्यापक देवेन्द्र प्रसाद दरमोड़ा का निधन हो गया है। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। स्वर्गीय दरमोड़ा प्राथमिक शिक्षक संघ की क्षेत्र शाखा से लेकर प्रान्त स्तर तक के पदाधिकारी रहे।
एक कर्तव्य निष्ठ शिक्षक के साथ-साथ संगठन के मजबूत स्तम्भ रहे हैं। उनके निधन पर प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष प्रेम सिंह गुंसाई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मगनानंद भट्ट, उप महामंत्री वीरेन्द्र कठैत, पूर्व कोषाध्यक्ष विजय सिंह शाह, जिलाध्यक्ष विक्रम झिंक्वाण, महामंत्री दिनेश चन्द्र भट्ट, कोषाध्यक्ष रघुवीर बुटोला के अलावा विभिन्न क्षेत्रीय एवं जनपदीय पदाधिकारियों ने गहरा दुख जताया। वहीं एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल आफिसर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रणजीत गुसाई, पूर्व प्रधानाचार्य राजेन्द्र सिंह रावत, शिक्षक नेता विनोद किमोठी, प्रधानाचार्य उम्मेद सिंह गुसाई, पोखरी की प्रमुख प्रीति भंडारी पूर्व जिला पंचायत सदस्य विधोत्तमा गुसाई, व्यापारी नेता देवेन्द्र बत्र्वाल ने स्वर्गीय दरमोड़ा के निधन को अपूर्णीय क्षति बताया।
वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, अनुसूया प्रसाद मलासी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा डिमरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष देवेन्द्र झिंक्वाण, एडवोकेट जेसीएस कठैत, संकुल समन्वयक विशाल मणि नौटियाल, पूर्व प्रधान शकुन्तला गुसाई ने शिक्षक दरमोड़ा को एक कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक बताते हुए उनके कार्यो की सराहना करते हुए मृत आत्मा को स्वर्ग में शांति के लिए कामना की।
उत्तराखंड में18 साल से ऊपर के लोगों को आज से फ्री लगेगी बूस्टर डोज..
उत्तराखंड: प्रदेश में 18 से अधिक उम्र के लोगों को शुक्रवार से मुफ्त बूस्टर डोज लगाई जाएगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लोगों से बूस्टर डोज लगाने की अपील की। उनका कहना हैं कि कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण सबसे बड़ा हथियार है। राज्यभर में 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोनारोधी प्रीकॉशन डोज अभियान का हिस्सा बनकर सहयोग करना है। देश ने पिछले दो साल में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना महामारी का डटकर मुकाबला किया। उनके नेतृत्व में भारत में कोविड वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया गया। साथ ही, दुनिया के कई देशों को वैक्सीन बांटने का काम भी किया गया। सीएम ने कहा कि राज्यभर में कोरोना महामारी कम जरूर हुई है, लेकिन खत्म नहीं हुई है।
उत्तराखंड में 99 नए मरीज मिले, दो की मौत
उत्तराखंड में गुरुवार को कोरोना के 99 नए मरीज मिले और दो संक्रमितों की मौत हो गई। 23 मरीज इलाज के बाद ठीक हुए, जिसके बाद राज्यभर में सक्रिय मरीजों की संख्या 456 हो गई है। जबकि, कोरोना संक्रमण की दर 6.19 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, विभिन्न अस्पतालों से गुरुवार को 1501 मरीजों की रिपोर्ट आई।
पहली बार रुद्रप्रयाग में किसी जिलाधिकारी की ओर से की गई ऐसी पहल..
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एक अभिनव पहल की है। डीएम स्वयं और जिले के सभी अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर दूरस्थ गांव मनसूना में लगे शिविर में प्रतिभाग करने पहुंचे। रुद्रप्रयाग जिले में किसी जिलाधिकारी की ओर से पहली बार ऐसी पहल की गई है। इससे पहले सभी अधिकारी अपने-अपने वाहनों से जनता दरबार में पहुंचते थे, जिससे सरकारी डीजल-पैट्रोल की खपत अधिक होती थी। लेकिन अब जिले में ऐसा नहीं होगा। जहां भी जनता की समस्याओं को सुनने के लिये शिविर लगेंगे, वहां सभी अधिकारी बस में सवार होकर सफर करेंगे।
जनता की समस्याओं को सुनने के लिये अक्सर प्रशासन की ओर से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। इन जनता दरबारों में अक्सर देखा जाता है कि कई अधिकारी पहुंचते ही नहीं और जो अधिकारी पहुंचते भी हैं वह समय पर नहीं पहुंचते हैं। इस बीच सभी अधिकारी अपने वाहनों से पहुंचते हैं, जिससे वाहनों का जमावड़ा लग जाता है और सरकारी डीजल-पैट्रोल की भी अधिक खपत होती है, लेकिन रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नई पहल की है। जिलाधिकारी स्वयं और सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर मनसूना में आयोजित जनता दरबार में पहुंचे। एक ही बस में सभी अधिकारियों के सवार होने से जहां सरकारी डीजल-पैट्रोल की खपत कम हुई, वहीं सभी अधिकारी भी जनता की समस्याओं को सुनने के लिये पहुंचे। रुद्रप्रयाग में यह पहल पहली बार हुई है।
बता दें कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की कार्यशैली जनता को काफी प्रभावित कर रही है। एक ओर जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार तो वहीं दूसरी ओर जन समस्याओं के निराकरण के लिए डीएम लगातार प्रयास कर रहे हैं। गुरुवार को डीएम मयूर दीक्षित ने ऐसी पहल शुरू की जो प्रदेशभर के लिए प्ररेणास्रोत बनी है। मनसूना में होने वाले सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में डीएम ने बस की व्यवस्था कराई और अफसरों के साथ स्वयं बस में सवार होकर मनसूना पहुंचे। सरकारी फिलूखर्चे पर अंकुश लगाने के साथ ही बिना वजह बड़ी संख्या में सरकारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल सराहनीय है।
सुबह कलक्ट्रेट से जब डीएम मनसूना कार्यक्रम के लिए प्रस्थान करने लगे तो, कलक्ट्रेट परिसर में बस देखकर सभी हैरान हो गए। पहले डीएम स्वयं बस में सवार हुए और बाद में एक-एक कर सभी अफसर बस में बैठे। करीब 3 दर्जन से अधिक अफसरों के साथ डीएम मनूसना पहुंचे। इस तरह की अनोखी पहल पहली बार देखने को मिली। जिससे जनता, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज के बुद्धिजीवी वर्ग में खुशी है। उनका कहना है कि यह जिलाधिकारी की अलग सोच है, जिसके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे। जहां अक्सर जिले के शीर्ष अफसरों को महंगी और आलीशान गाड़ियों में बैठने का शोक रहता है, वहीं जिलाधिकारी की यह पहल समाज में अलग संदेश देगी।
वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत दूरस्थ गांवों में शिविर लगाये जाते हैं, जिसमें सभी अधिकारी अपने वाहनों से पहुंचते हैं। इससे समय भी और खर्चा भी ज्यादा होता है। एक ही बस में सवार होने से विभागीय अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल भी होगा और सभी अधिकारी समय पर भी पहुंचेंगे।
केदारनाथ धाम में ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम किया स्थापित..
उत्तराखंड: प्रदेश में मौसम की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं। बारिश और कोहरे के कारण केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा बाधित होने से तीर्थ यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थ यात्री सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। खराब मौसम और प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रदेशभर में 146 सड़कें मंगलवार को भी बंद रही। सड़कें बंद होने की वजह से जगह-जगह यात्री फंस गए थे।
केदारनाथ धाम में पल-पल बदलते मौसम की जानकारी केदारनाथ धाम में जाने वाले तीर्थ यात्रियों को अब आसानी से मिल सकेगी। इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के विशेष प्रयासों से आईआईटी कानपुर के प्रो. इंद्रसेन की टीम ने केदारनाथ धाम में ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम स्थापित कर दिया है। बता दे कि आईआईटी कानपुर के प्रो. इंद्रसेन की टीम ने केदारनाथ धाम में ऑॅटोमेटिक वेदर सिस्टम लगाने का काम पूरा कर इसका संचालन शुरू कर दिया गया है। इससे शीघ्र ही मौसम संबंधी गतिविधियों की रीडिंग प्राप्त की जा सकेगी। डीएम का कहना हैं कि केदारनाथ में वेदर सिस्टम स्थापित करने से एक नए अध्याय के रूप में देखा जा सकता है।
हिमालयन हेली सर्विस को बीस जुलाई तक केदारनाथ के लिए हेली सेवा जारी रखने की अनुमति दी गई है। भीमबली से रामबाड़ा, लिंचौली और केदारनाथ तक पूरी घाटी में चार दिन से घना कोहरा छाया हुआ है। बीच बीच में बारिश भी हो रही है। केदारनाथ में मौजूद सेक्टर अधिकारी सुरेंद्र मोहन का कहना हैं कि खराब मौसम के कारण बीते चार दिनों से केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर नहीं उड़ पाया है।
उत्तराखंड में विश्वविद्यालयों में भी लागू होगी नई शिक्षा नीति..
उत्तराखंड: प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों में भी इस सत्र से नई शिक्षा नीति लागू हो जाएगी। जिसके लिए शासन स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई है। नई शिक्षा नीति के तहत अब निजी विश्वविद्यालों को भी कैंपस में छात्र-छात्राओं को मनपसंद विषय चुनने की सुविधा देनी होगी। साथ ही लॉ एवं मैनेजमेंट कोर्स संचालित करने वाले विश्वविद्यालयों को दूसरे विषयों के पाठ्यक्रम शुरू करने होंगे। राज्य के डिग्री कॉलेजों में इस सत्र से नई शिक्षा नीति के तहत शासन स्तर पर व्यवस्थाएं शुरू की जा रही हैं।
इसी तरह निजी विश्वविद्यालयों से नई शिक्षा नीति के तहत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सुझाव मांगे गए हैं। इन विश्वविद्यालयों को भी राज्य विश्वविद्यालयों की तरह की सुविधाएं मुहैया करानी होंगी।
जिसके तहत उन्हें छात्र-छात्राओं को मन पसंद विषय चुनने, मर्जी के मुताबिक ब्रेक लेकर पढ़ाई पूरी करने की सुविधा देने के साथ दूसरे विश्वविद्यालयों से संबद्ध पाठ्यक्रमों को संचालित करना होगा। राज्य में वर्तमान में 21 निजी विश्वविद्यालय, 3 डीम्ड यूनिवर्सिटी, एक सेंट्रल यूनिवर्सिटी और 12 राज्य विश्वविद्यालय संचालित हैं।
मंगलवार को शासन स्तर पर उच्चशिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की मौजूदगी में हुई बैठक में निजी विश्वविद्यालयों के संचालकों के साथ नई शिक्षा नीति को लागू करने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। राज्य के निजी विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने के लिए शासन स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई है। शासन स्तर पर संचालकों के साथ हुई बैठक में जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्राम परकंडी में सीडीओ ने बैठक लेते हुए महिला समूह की समस्याओं का किया समाधान..
रुद्रप्रयाग। ग्राम परकंडी की महिला समूह को उद्योग विभाग की ओर से केदारनाथ मंदिर के सोविनियर कार्य नहीं दिया जा रहा है, जबकि उन्हें इस कार्य की ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है। ऐसे में महिला समूह ने डीएम मयूर दीक्षित से शिकायत की, जिसका संज्ञान लेते हुए डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को महिला समूह के साथ बैठक कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ने महिला समूह एवं ग्राम संगठन की महिलाओं के साथ विकास भवन में बैठक कर उनकी समस्या को सुना। इस अवसर पर महिला जागरुक संगठन समूह की अध्यक्ष आशा देवी नौटियाल ने मुख्य विकास अधिकारी को बताया कि उनके समूह द्वारा उद्योग विभाग में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद केदारनाथ मंदिर के सोविनियर का कार्य किया गया, मगर कुछ समय से उन्हें कार्य नहीं मिल पा रहा है और ना ही उनकी पूर्व की बकाया धनराशि का भुगतान किया गया है। उन्होंने सीडीओ से मामले में उचित कार्यवाही की मांग की।
मामले में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने महाप्रबंधक उद्योग को निर्देश दिए कि महिला समूह की जो भी बकाया धनराशि का भुगतान किया जाना है, उसे एक सप्ताह के भीतर करें और महिला समूह को रोजगार मुहैया कराने के लिए सभी महिलाओं को एक सप्ताह का अतिरिक्त प्रशिक्षण उनके गांव में ही उपलब्ध कराया जाय। इसके साथ ही उन्होंने केदारनाथ सोविनियर (प्रतिकृति) तैयार करने के लिए सामग्री उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही प्रत्येक माह में महिला समूह के साथ बैठक आयोजित कर किसी भी प्रकार की कोई समस्या एवं सुझाव के लिए चर्चा करने को कहा, जिससे इस दिशा में और अधिक बेहतर ढंग से कार्य किए जा सके।
उन्होंने सभी महिला समूह की प्रतिनिधियों से कहा कि यदि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या या परेशानी होती है तो वे अपनी समस्या से उन्हें अवगत करा सकते हैं, जिस पर उचित कार्यवाही की जाएगी। बैठक में परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, महाप्रबंधक उद्योग एचसी हटवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैली प्रजापति, महिला समूह संगठन की प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
बद्रीनाथ हाईवे मलबा आने से हुआ बंद, रास्ते में रोके गए 1000 यात्री..
उत्तराखंड: लामबगड़ हाईवे में मलबा आने से फिर बंद हो गया। ऐसे में करीब 1000 यात्रियों को यात्रा पड़ाव पांडुकेश्वर, गोविंदघाट, जोशीमठ में ही रोक दिया गया। बार-बार मलबा आने से बंद हो रहा बद्रीनाथ हाईवे यात्रियों के लिए मुसीबत बन गया है। यहां खचड़ा नाले के साथ ही कई अन्य जगहों पर शुक्रवार से बंद बद्रीनाथ हाईवे रविवार शाम को खोल दिया गया था, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन देर शाम सात बजे हाईवे लामबगड़ में बंद हो गया। ऐसे में करीब 1000 यात्रियों को यात्रा पड़ाव पांडुकेश्वर, गोविंदघाट, जोशीमठ में ही रोक दिया गया।
बीते शुक्रवार रात 11 बजे भारी बारिश के दौरान बद्रीनाथ हाईवे रड़ांग बैंड, बैनाकुली और खचड़ा नाले में मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया था। ऐसे में यहां सैकड़ों यात्री फंस गए थे, जबकि कुछ पैदल यात्रियों को सीढ़ी लगाकर वैकल्पिक रास्ते से दूसरी ओर भेजा गया। रविवार को शाम करीब चार बजे खचड़ा नाले में मलबा हटाने के बाद हाईवे को सुचारु किया गया, जिसके बाद जोशीमठ, पांडुकेश्वर और गोविंदघाट में रोके गए करीब 2500 तीर्थयात्रियों व स्थानीय श्रद्धालुओं को बद्रीनाथ धाम भेजा गया। जबकि करीब 3000 तीर्थयात्री बद्रीनाथ से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
वहीं देर शाम को सात बजे हाईवे लामबगड़ में मलबा आने से फिर बंद हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि रविवार दोपहर तक मौसम सामान्य होने के बाद खचड़ा नाले में मलबा गिरने का सिलसिला थमाए जिसके बाद यहां जेसीबी से मलबा हटाया गया। अब लामबगड़ में मलबा और पत्थर आने से हाईवे बंद हो गया है। हाईवे खोले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
