अब पीसीयू के माध्यम से देश-विदेश पहुंचेगा गंगोत्री का गंगाजल..
उत्तराखंड: शुक्रवार को आईसीएम देहरादून में रामकृष्ण मेहरोत्रा की अध्यक्षता में पीसीयू की बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें 14 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में पीसीयू के माध्यम से स्टेशनरी क्रय की जाएगी। साथ ही अब शिक्षा निधि कोष से शिक्षा प्रशिक्षण कार्य संपादित करवाए जाएंगे।
इसके साथ ही पीसीयू उत्तराखंड और पीसीयू उत्तर प्रदेश के मध्य परिसंपत्तियों एवं निधियों के विभाजन के संबंध में सहमति बन गई है। इस संबंध में जल्द ही दोनों राज्यों के अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक होगी। इसके साथ ही प्रादेशिक कोऑपरेटिव यूनियन की ओर से मासिक पत्रिका के आरएनआई रजिस्ट्रेशन को लेकर भी अध्यक्ष की ओर से औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, प्रबंधक निदेशक मान सिंह सैनी, निदेशक सुभाष रमोला, प्रदीप चौधरी, शांति देवी, ममता मेहरोत्रा, गोपाल सिंह बोरा, सुप्रिया चौहान, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, करणवीर सिंह, चंद्र सिंह थापा मौजूद थे।
रिलीज हुआ ‘लाइगर’ का नया गाना ‘आफत’..
देश-विदेश: आखिरकार विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘लाइगर’ का गाना ‘आफत’ रिलीज हो गया है। इस म्यूजिक वीडियो में विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे की हॉट केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। मेकर्स ने गाने में अनन्या को ‘खूबसूरत ड्रामा क्वीन’ के रूप में पेश किया, जो फिल्म में विजय देवरकोंडा की प्रेमिका का किरदार निभा रही हैं। आपको बता दें कि यह तेलुगू-हिंदी भाषी साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म से विजय देवरकोंडा बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं।
फिल्म लाइगर का गाना ‘आफत’ तनिष्क बागची और जहरा खान द्वारा गाया गया एक रोमांटिक ट्रैक है। लाइगर के मेकर्स पहले ‘आफत’ नामक गाने को शुक्रवार की शाम चार बजे रिलीज करने वाले थे। लेकिन अज्ञात कारणों की वजह से रिलीज से चंद मिनट पहले मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट बदल दी।
फिल्म निदर्शेक पुरी जगन्नाथ ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी कि तकनीकी खराबी की वजह से ‘आफत’ गाने को 5 अगस्त को रिलीज न करके 6 अगस्त को सुबह 9 बजे रिलीज किया जाएगा।
फिल्म ‘लाइगर’ को सेंसर अधिकारियों द्वारा ‘यूए’ प्रमाणपत्र मिला है। जानकारी के अनुसार फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट का है, जिसमें का फर्स्ट हाफ 1 घंटा 15 मिनट और सेकेंड हाफ 1 घंटा 5 मिनट का है। प्रोडक्शन हाउस के सूत्रों का कहना हैं कि फिल्म में सात फाइट सीन और छह गाने हैं। यानी अभी फिल्म के तीन गाने और रिलीज होंगे।
फिल्म देखने के बाद सेंसर बोर्ड के सदस्यों ने महसूस किया कि सेंसर शॉर्ट रनटाइम, एक्शन पार्ट, हीरो कैरेक्टराइजेशन, डायलॉग डिलीवरी, राम्या कृष्णन का किरदार, मां की भावना और विजय देवरकोंडा अनन्या पांडे के प्रेम ट्रैक ने फिल्म में बड़ा काम किया है। अनन्या पांडे और राम्या कृष्णन अभिनीत की ‘लाइगर’ 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पैरा-पावरलिफ्टर सुधीर ने भारत के लिए जीता छठा स्वर्ण..
देश-विदेश: भारत के पैरा पावरलिफ्टर सुधीर ने पुरुषों के हेवीवेट कैटेगरी में 212 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीत लिया। 87.30 किलो वजन वाले सुधीर ने रैक हाइट 14 के साथ पहले प्रयास में 208 किलो वजन उठाया। वहीं, दूसरे प्रयास में उन्होंने 212 किलो वजन उठाया। अपने आखिरी अटैम्प्ट में सुधीर 217 किलो वजन उठाने में नाकाम रहे। 134.5 पॉइंट्स लेकर सुधीर टॉप पर रहे और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
सुधीर भारत के लिए पैरा पावरलिफ्टिंग (दिव्यांग एथलीट्स की वेटलिफ्टिंग) में स्वर्ण जीतने वाले पहले एथलीट बन गए हैं। यह भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में छठा स्वर्ण पदक है। इससे पहले वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू, जेरेमी लालनिरुंगा और अचिंता शेउली स्वर्ण जीत चुके हैं। वहीं, महिला लॉन बॉल टीम और पुरुष टेबल टेनिस टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अब तक भारत ने कुल 20 पदक जीते हैं, जिसमें छह स्वर्ण, सात रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत सातवें स्थान पर है। सातवें दिन भारत के लिए सुधीर ने पैरा-पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, लॉन्ग जंप में मुरली श्रीशंकर ने रजत पदक जीता। बॉक्सिंग में अमित पंघाल, जैस्मिन, सागर अहलावत और रोहित टोकस ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है और चारों ने अपना पदक पक्का कर लिया है।
भारत के पदक विजेता
6 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पैरा-पावरलिफ्टिंग)
7 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर
7 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर
24 घंटे में सामने आये कोरोना के 20 हजार से ज्यादा नए केस, 70 मौतें..
देश-विदेश: देश में कोरोना के नए मामलों में शुक्रवार को फिर उछाल नजर आया। 20 हजार से ज्यादा नए केस मिले और 70 मरीजों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह 8 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 20,551 नए संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 21595 लोग स्वस्थ भी हुए। बीते 24 घंटे में हुई 70 मौतों के साथ देश में महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,26,600 हो गई वहीं, कुल मरीज बढ़कर 4,41,07,588 हो गए।
दैनिक संक्रमण दर भी बढ़कर 5.14 फीसदी हो गई है। सक्रिय केस 1,35,364 हैं। बता दे कि गुरुवार को देश में कोरोना के नए मामलों में करीब 16 फीसदी का इजाफा देखने को मिला था। कल कोरोना के 19,893 नए मामले दर्ज किए गए थे, जबकि बुधवार को 17,135 नए मामले सामने आए थे। ये शुक्रवार को और बढ़कर 20 हजार के पार पहुंच गए।
गुरुवार को देश में संक्रमण से 53 लोगों की मौत हुई थी, जबकि शुक्रवार को 70 मौतें हुईं। यानी शुक्रवार को संक्रमण व मौतों दोनों में बढ़ोतरी हुई। हालांकि, सक्रिय केस में गुरुवार के मुकाबले कमी आई। गुरुवार को उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,36,478 हो गई थी जो शुक्रवार को और घटकर 1,35,364 रह गई।
नही रहे अभिनेता मिथिलेश चतुर्वेदी, लखनऊ में ली अंतिम सांस..
देश-विदेश: दिग्गज अभिनेता मिथिलेश चतुर्वेदी का निधन हो गया है। बता दे कि अभिनेता ने 3 अगस्त की शाम अंतिम सांस ली। अभिनेता दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। तबीयत खराब होने की वजह से उनका लखनऊ में इलाज करवाया जा रहा था। दरअसल, कुछ दिन पहले ही उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद देखभाल के लिए वह होमटाउन शिफ्ट हो गए थे।
आपको बता दे कि मिथिलेश चतुर्वेदी के निधन की पुष्टि उनके दामाद आशीष चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर की है। आशीष चुतर्वेदी ने फेसबुक पर मिथिलेश की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “आप दुनिया के सबसे अच्छे पिता थे, आपने मुझे दामाद नहीं बल्कि एक बेटे के तरह अपना प्रेम दिया, भगवान आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे
जानिए कौन थे मिथिलेश चतुर्वेदी?
मिथिलेश के निधन की खबर आने के बाद से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई हैरान है। बता दें कि मिथिलेश चतुर्वेदी ने अपने सफर के दौरान सलमान खान, शाहरुख खान और ऋतिक रोशन संग कई बड़ी और सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया है।
उन्हें सनी देओल की फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’, मनोज बाजपेयी अभिनीत ‘सत्या’, शाहरुख खान स्टारर ‘अशोका’ समेत ‘ताल’, अभिषेक बच्चन की ‘बंटी और बबली’, ऋतिक रोशन अभिनीत ‘कृष’ और सलमान खान की फिल्म ‘रेडी’ में देखा गया था। लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान ऋतिक रोशन की फिल्म ‘कोई… मिल गया’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने ऋतिक रोशन के कंप्यूटर टीचर का किरदार निभाया था।
चीन-ताइवान के बीच युद्ध के आसार..
देश-विदेश: चीन और ताइवान के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़का चीन, उनके लौटते ही और आक्रामक हो गया है। चीन ने ताइवान को घेरने के लिए उसकी सीमा के आसपास घेराबंदी शुरू कर दी है। खबर यह भी है कि चीनी सेना ने ताइवान के आसपास सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। जानकरी के अनुसार चीन ने ताइवान की सीमा पर युद्धाभ्यास के लिए युद्धपोत, फाइटर जेट व मिसाइलों को तैनात किया है। आधिकारिक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पीएलए चार से सात अगस्त तक छह अलग-अलग क्षेत्रों में भी सैन्य अभ्यास करेगा, जो ताइवान द्वीप को सभी दिशाओं से घेरता है।
फ्लॉप की तरफ बढ़ रही एक विलेन रिटर्न्स..
देश-विदेश: जॉन अब्राहम, तारा सुतारिया, अर्जुन कपूर और दिशा पाटनी स्टारर फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न्स’ 29 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। आज से करीब आठ साल पहले आई फिल्म ‘एक विलेन’ का ये सीक्वल है। एक विलेन में सिद्धार्थ मल्होत्रा, श्रद्धा कपूर और रितेश देशमुख नजर आए थे। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हुई थी। ‘एक विलेन रिटर्न’ को कुछ खास रिव्यू तो नहीं मिले थे, लेकिन वीकेंड पर फिल्म ने ठीक-ठाक कारोबार किया। इस फिल्म को लेकर उम्मीदें लगाई जा रही थीं, कि ‘एक विलेन रिटर्न’ भी सुपरहिट साबित होगी। लेकिन वीकएंड के बाद सोमवार और मंगलवार के आंकड़े देखकर ऐसी उम्मीद नहीं लग रही है।
शुक्रवार को रिलीज हुई एक विलेन रिटर्न्स में थ्रिल वाला सारा मसाला है। फिल्म में जॉन अब्राहम और अर्जुन कपूर जैसी बड़ी स्टार कास्ट भी है। ऐसे में एक विलेन रिटर्न्स के जरिए हिंदी फिल्म के बिजनेस में कुछ राहत मिलने की उम्मीद थी। लेकिन सोमवार और मंगलवार का कलेक्शन देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाएगी। आशिकी 2, मलंग और एक विलेन जैसी बेहतरीन फिल्में दे चुके मोहित सूरी के पास इस फिल्म की कमाई की की सारी वजहें थीं, लेकिन शायद दर्शकों को फिल्म पसंद नहीं आई है।
एक विलेन रिटर्न्स के कलेक्शन की बात करें तो 29 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने ओपनिंग डे पर 7.05 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि उम्मीद थी कि पहले दिन ये फिल्म करीब आठ से नौ करोड़ रुपये कमाएगी। वहीं शनिवार को एक विलेन रिटर्न ने 7.47 करोड़ और रविवार को 9.02 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वीकएंड के बाद एक विलेन रिटर्न्स का कारोबार गिरकर 3.02 करोड़ रुपये पर आ गया।
वहीं मंगलवार यानि पांचवें दिन फिल्म का कलेक्शन 2.70 करोड़ रुपये हो गया। इस समय एक विलेन रिटर्न्स का कुल कारोबार 29.26 करोड़ रुपये हो चुका है।एक विलेन रिटर्न्स की कमाई इशारा कर रही है कि ये फिल्म बहुत जल्द दम तोड़ सकती है। 40 से 45 करोड़ के बीच एक विलेन रिटर्न्स सिनेमाघरों से उतर सकती है। हालांकि 5 अगस्त को सिनेमाघरों में बॉलीवुड की कोई बड़ी फिल्म नहीं रिलीज हो रही है, ऐसे में एक विलेन रिटर्न्स के पास कमाई का पूरा मौका है।
नंदमुरी की फिल्म ने रिलीज से पहले कमाए लाखों रुपए..
देश-विदेश: देशभर में इन दिनों साउथ फिल्मों का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। साउथ सिनेमा की फिल्में अब सिर्फ किसी क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गई है। देशभर में फिल्मों की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में अब देशभर में लोग बेसब्री से इन फिल्मों का इंतजार करते हैं। इसी क्रम में अब साउथ इंडस्ट्री में एक और नई फिल्म जल्दी ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। नंदमुरी कल्याण राम स्टारर फिल्म ‘बिंबिसार’ इस हफ्ते रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। इसी बीच फिल्म रिलीज से पहले इसकी एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी सामने आ चुके हैं।
आपको बता दे कि सामने आए शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म में तेलुगू भाषा में पहले दिन कुल 41 लाख रुपये की कमाई की है। इनमें से हैदराबाद में फिल्म ने करीब 32.94 लाख का कारोबार किया है। वहीं वारंगल 1.4 लाख की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म ने वायजैक और विशाखापटन में फिल्म ने 1.59 लाख का कलेक्शन किया है। जबकि निजामाबाद में फिल्म ने 88.4 हजार की कमाई कर ली है।
बता दे कि करीमनगर में फिल्म ने 50 हजार का बिजनेस किया है। वहीं, बात करें महबूबनगर की तो फिल्म ने यहां पर 30.11 हजार की कमाई कर ली है। इसके साथ ही काकीनाडा में नंदमुरी कल्याण राम की फिल्म ‘बिंबिसार’ ने एडवांस बुकिंग में 63.4 हजार की कमाई की है। जबकि राजामुंदरी में इस फिल्म ने 2.02 लाख की कमाई की है। फिल्म की कमाई देख यह कहा जा सकता है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत धमाकेदार होने वाली है।
फिल्म की अगर बात करें तो एनटीआर आर्ट्स के बैनर तले बन रही ‘बिंबिसार’ एक तेलुगू फिल्म है। यह फिल्म 05 अगस्त 2022 को रिलीज होगी। इसमें अभिनेता नंदमुरी कल्याण राम, राजा बिंबिसार का किरदार निभाते नजर आने वाले हैं। मगध साम्राज्य के सम्राट बिंबिसार पर आधारित इस फिल्म को मल्लीदी वशिष्ठ ने लिखा है और वही इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं।
देश में 24 घंटे में सामने आये 16 हजार से ज्यादा कोरोना मामले..
देश-विदेश: देश में कोरोना मरीजों की संख्या में उतार-चढ़ाव जारी है। काफी दिनों से 20 हजार के आसपास मामले सामने आ रहे थे, लेकिन बीते 24 घंटों में इनकी संख्या घटी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार,देश में एक दिन में 16,464 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। जबकि, एक दिन पहले 19,673 मामले सामने आए थे। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। देश में अब 143989 सक्रिय कोरोना मरीज हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना हैं कि 24 घंटे के अंदर देश में 24 मरीजों की कोरोना के कारण मौत भी हुई है। इसके बाद अब तक कुल मौतों का आंकड़ा 526396 पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में रिकवरी रेट 98.48 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं दैनिक सकारात्मकता दर 6.01 प्रतिशत तो साप्ताहिक सकारात्मकता दर 4.80 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है।
सीएम ममता ने बंगाल में 7 नए जिले बनाने का किया एलान..
मंत्रालय में बदलाव की भी की घोषणा..
देश-विदेश: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आज बड़ा एलान करते हुए राज्य में 7 नए जिले बनाने की घोषणा की है। सीएम ममता का कहना हैं कि पहले बंगाल में 23 जिले थे अब इसे बढ़ाकर 30 कर दिया गया है। 7 नए जिलों में सुंदरबन, इछेमती, राणाघाट, बिष्णुपुर, जंगीपुर, बेहरामपुर और बशीरहाट शामिल हैं।
इसके साथ ही ममता बनर्जी ने कैबिनेट फेरबदल को लेकर भी जानकारी दी।
जिसमें उन्होंने कहा कि मीडिया में यह बताया जा रहा है कि हम पूरे मंत्रालय को भंग करने जा रहे हैं जो कि बिल्कुल गलत है। हां, फेरबदल होगा लेकिन कुछ मंत्रालयों में। हमने मंत्री सुब्रत मुखर्जी, साधन पांडे को खो दिया है। पार्थ जेल में है इसलिए उनका सारा काम करना है। मेरे लिए अकेले संभालना संभव नहीं है। इसलिए इस बुधवार को जरूरी मंत्रालय में फेरबदल कर दिया जाएगा।
